बेलगावी शहर के देसूर गांव के हॉट पॉट ढाबे के पास CCB पुलिस ने गैरकानूनी तौर पर पेट्रोल और डीजल जमा करके रखने और बेचने के मामले में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 6.89 लाख रुपये का सामान और वाहन ज़ब्त करते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया।

पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर 2026 को वरिष्ठ अधिकारियों की हिदायत पर CCB विभाग के PI मंजुनाथ नायक की क़यादत में टीम ने हॉट पॉट ढाबे के पास छापा मारा।

इस दौरान तमीम हसनसाब यरगट्टी और साकिब शमीम अंसारी को हिरासत में लिया गया। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी इस्त्रार मुल्ला के कहने पर अपने फ़ायदे के लिए पेट्रोल और डीजल गैरकानूनी तौर पर बेचने के मक़सद से ले जा रहे थे।

पुलिस ने अशोक लेलैंड गुड्स वाहन समेत 5 बैरल में करीब 900 लीटर पेट्रोल, जिसकी क़ीमत लगभग 99 हजार रुपये, और 5 बैरल में करीब 900 लीटर डीजल, जिसकी क़ीमत लगभग 90 हजार रुपये है, ज़ब्त किया।

बताया गया है कि पेट्रोल और डीजल को बिना किसी सुरक्षा इंतज़ाम के वाहन में ले जाया जा रहा था। इस मामले में बेलगावी ग्रामीण पुलिस थाने में केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की तहक़ीक़ात जारी है।