दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग की है. साथ ही, उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह भारत की चुनावी व्यवस्था को कमज़ोर करने की साज़िश के शीर्ष पर हैं.
नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार (24 सितंबर) को चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफे की मांग की. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह भारत की चुनावी व्यवस्था को कमजोर करने की साजिश के शीर्ष पर हैं.
राजधानी दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए गांधी ने कहा, ‘हमारे पास इस बात को पूरी तरह साबित करने के लिए पर्याप्त जानकारी है.’
उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार को ‘सरकारी गवाह बन जाना चाहिए.’ इसके जरिए गांधी का आशय था कि मुख्य चुनाव आयुक्त इस बात से वाकिफ हैं कि मोदी और शाह उन्हें और चुनाव आयोग को जनता की जांच-पड़ताल से बचा रहे थे. ऐसे में वह कथित चुनावी हेरफेर के संबंध में सबूत दे सकते हैं.

