मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर 25 सितंबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे कई छात्रों और नागरिकों को पुलिस ने हिरासत में लिया. इनमें द वायर के संवाददाता मोहम्मद इरफान, आइसा अध्यक्ष नेहा, भाकपा-माले प्रमुख दीपांकर भट्टाचार्य, सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव और अंजलि भारद्वाज समेत कई अन्य प्रदर्शनकारी शामिल हैं.

 

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने आज (25 सितंबर) नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे कई छात्रों और नागरिकों को घसीटकर हिरासत में लिया.

हिरासत में लिए गए लोगों में लोकप्रिय यूट्यूबर और द वायर के संवाददाता मोहम्मद इरफान भी शामिल हैं. बताया जा रहा है कि पुलिस ने उनका माइक्रोफोन भी फेंक दिया.

हिरासत में लिए गए लोगों में आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य और कार्यकर्ता योगेंद्र यादव और अंजलि भारद्वाज भी शामिल हैं. इनके अलावा रिवोल्यूशनरी वर्कर्स पार्टी ऑफ इंडिया के कई कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया गया है.

भट्टाचार्य ने एक्स पर पोस्ट किया है, ‘आप एक प्रदर्शन को रोक सकते हैं और हममें से कुछ लोगों को हिरासत में ले सकते हैं, लेकिन ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग अब पूरे देश में गूंज रही है और इसे दबाया नहीं जा सकता.’