औरत कमजोर नहीं, बल्कि समाज की असली ताकत है

इस्लाम ने औरत को दिया बुलंद मुकाम, आज के दौर में उसके हुकूक और तहफ्फुज की जरूरत

औरत इंसानी तहजीब की बुनियाद है। वह मां, बेटी, बहन और बीवी के रिश्तों में मोहब्बत, तरबियत और आपसी तालमेल पैदा करती है। जिस तरह किसी इमारत की मजबूती उसकी बुनियाद पर निर्भर होती है, उसी तरह एक मजबूत समाज की तशकील में औरत का किरदार बुनियादी अहमियत रखता है।

इस्लाम से पहले अरब समाज में औरतों की हालत बेहद खराब थी। बेटी की पैदाइश को शर्मिंदगी समझा जाता था और कई बार उन्हें जिंदा दफन कर दिया जाता था। औरतों को विरासत, जायदाद, तालीम और अपनी राय जाहिर करने जैसे बुनियादी हुकूक से महरूम रखा जाता था। वे कबायली रस्मों और नाइंसाफी का शिकार थीं।

इस्लाम ने इन जालिमाना रस्मों का खात्मा किया और औरत को इज्जत और सम्मान का मुकाम अता किया। मां की अज़मत, बेटी की परवरिश की फजीलत और बीवी के साथ हुस्ने सुलूक की तालीम दी। इस्लाम ने औरत को विरासत में हिस्सा, मेहर, तालीम, जायदाद रखने और निकाह में अपनी रजामंदी देने का हक दिया।

हजरत खदीजतुल कुबरा (रजि.), हजरत आयशा सिद्दीका (रजि.) और हजरत फातिमा जहरा (रजि.) की जिंदगी कुर्बानी, ईसार, इल्म, ईमान, सब्र और अच्छे किरदार की बेहतरीन मिसाल है। इन अजीम हस्तियों की जिंदगी उम्मते मुस्लिम की महिलाओं के लिए रहनुमाई का जरिया है।

औरत के हुकूक के साथ उसकी जिम्मेदारियां भी अहम हैं। वह आने वाली नस्लों की मेमार और बच्चों की पहली दर्सगाह होती है। उसकी गोद में बच्चों के अखलाक, ईमान और किरदार की बुनियाद रखी जाती है। वह घर और खानदान को संभालने के साथ तालीम, मेडिकल, तदरीस और समाजी खिदमत के मैदान में भी अहम किरदार अदा कर सकती है।

लेकिन अफसोस की बात है कि समाज की तामीर में इतना अहम किरदार अदा करने वाली औरत को आज भी उसका जायज मुकाम नहीं मिल पा रहा है। आज भी महिलाओं को दहेज, घरेलू तशद्दुद, तालीम और विरासत के हुकूक से महरूमी तथा आजादी के नाम पर इस्तेहसाल जैसे मसाइल का सामना करना पड़ रहा है। तालीमयाफ्ता महिलाओं पर घर और नौकरी की दोहरी जिम्मेदारियों का बोझ भी रहता है।

इन तमाम मसाइल का हल इस्लामी तालीमात के मुताबिक महिलाओं को तालीम, तहफ्फुज, इंसाफ और उनके जायज हुकूक फराहम कराने में है।

मुख्तसर यह कि औरत कमजोर नहीं, बल्कि खानदान और समाज का मजबूत स्तंभ है। उसकी इज्जत, तालीम और तहफ्फुज पूरे समाज की जिम्मेदारी है। एक बा-वकार और तालीमयाफ्ता औरत ही मजबूत खानदान और नेक समाज की बुनियाद बन सकती है।

आइए, हम अहद करें कि औरत को वही इज्जत, मुकाम और हुकूक देंगे, जो इस्लाम ने उसे अता किए हैं।

लेखक: रहबर तामापुरी

Source: Haqeeqat Times