बेलगावी शहर के प्रॉपर्टी मालिकों के लिए राहत की खबर है। अब प्रॉपर्टी टैक्स से जुड़ी जानकारी हासिल करने और टैक्स का भुगतान करने के लिए बेलगावी महानगरपालिका के दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। महानगरपालिका ने नागरिकों की सुविधा के लिए WhatsApp चैटबॉट सेवा शुरू की है।

इस सेवा के लिए नागरिकों को 7090022888 नंबर पर WhatsApp मैसेज करना होगा। इस चैटबॉट के जरिए तीन सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें View Tax History, Pay Property Tax और Duplicate Receipt शामिल हैं।

इस सुविधा के माध्यम से प्रॉपर्टी मालिक अब तक जमा किए गए टैक्स, बकाया रकम और चालू साल के प्रॉपर्टी टैक्स की जानकारी अपने मोबाइल पर ही हासिल कर सकते हैं।

बेलगावी महानगरपालिका ने प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली को बेहतर बनाने और नागरिकों की परेशानी कम करने के मकसद से ये डिजिटल सुविधाएं शुरू की हैं। इसके अलावा बल्क SMS नोटिफिकेशन और भारत बिल पेमेंट सिस्टम यानी BBPS के जरिए भी भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

बल्क SMS सुविधा के तहत प्रॉपर्टी मालिकों को उनके बकाया टैक्स और भुगतान से जुड़ी जानकारी मैसेज के जरिए भेजी जाएगी, ताकि वे समय पर अपना बकाया टैक्स जमा कर सकें।

वहीं, BBPS के जरिए नागरिक Paytm, Google Pay और PhonePe जैसे डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करके भी प्रॉपर्टी टैक्स भर सकते हैं।

ये सभी डिजिटल सुविधाएं रिहायशी, कमर्शियल और इंडस्ट्रियल प्रॉपर्टी के लिए उपलब्ध हैं। इसके लिए नागरिकों को महानगरपालिका के नॉर्थ, साउथ और सेंट्रल जोनल ऑफिस, बेलगावी-1 कार्यालय या कंप्यूटर सेंटर जाने की जरूरत नहीं होगी।

महानगरपालिका के आंकड़ों के मुताबिक, शहर की सीमा में करीब 1 लाख 70 हजार प्रॉपर्टीज हैं। इनमें से लगभग 90 हजार प्रॉपर्टी मालिकों ने टैक्स जमा किया है, जबकि करीब 80 हजार प्रॉपर्टीज का टैक्स अभी भी बकाया है।

महानगरपालिका को उम्मीद है कि WhatsApp चैटबॉट और डिजिटल पेमेंट की इन सुविधाओं से नागरिकों को राहत मिलेगी और बकाया प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली में भी तेजी आएगी।

WhatsApp Property Tax Chatbot नंबर: 7090022888

हालांकि, WhatsApp के जरिए प्रॉपर्टी टैक्स की सुविधा शुरू करना डिजिटल गवर्नेंस की दिशा में एक अच्छा कदम है, लेकिन महानगरपालिका को इस चैटबॉट का दायरा बढ़ाकर दूसरी नागरिक सुविधाओं को भी इसमें शामिल करना चाहिए।

मसलन, शहर में सड़कों पर गड्ढे, कचरे की समस्या, स्ट्रीट लाइट, ड्रेनेज और पानी की सप्लाई जैसी शिकायतें दर्ज कराने और उनका स्टेटस चेक करने की सुविधा भी WhatsApp पर उपलब्ध होनी चाहिए।

नागरिकों को शिकायत की फोटो अपलोड करने, शिकायत नंबर हासिल करने और उस पर हुई कार्रवाई की जानकारी लेने की सुविधा मिलनी चाहिए।

अगर एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए नागरिक टैक्स जमा करने के साथ-साथ अपनी समस्याओं की शिकायत भी दर्ज करा सकें और प्रशासन से जवाबदेही मांग सकें, तो यह वास्तव में स्मार्ट गवर्नेंस की दिशा में एक बड़ा कदम होगा।

क्योंकि स्मार्ट सिटी सिर्फ टैक्स ऑनलाइन जमा कराने से नहीं, बल्कि नागरिकों की समस्याओं का डिजिटल समाधान और प्रशासन की जवाबदेही सुनिश्चित करने से बनती है।