17 नवंबर को फिलीपींस की राजधानी मनीला में क्वाड समूह के नेताओं की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री और जापान की प्रधानमंत्री शामिल हुए थे. वहीं एक फोटो सेशन के दौरान कई पत्रकारों ने ट्रंप से सवाल पूछने शुरू कर दिए और ट्रंप इन सवालों के जवाब देने के लिए तैयार नज़र आए. हालांकि, इस दौरान पीएम मोदी काफ़ी असहज नज़र आए. 

 

नई दिल्ली: मनीला में एक दिन पहले क्वाड सम्मलेन के फोटो सेशन के दौरान पत्रकारों के सवाल पूछना शुरू करते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस तरह जल्दबाजी और असहजता में ‘क्या हम आगे बढ़ें?’ कहा, उसे लेकर सोशल मीडिया पर लोगों ने खूब प्रतिक्रियाएं दीं और उनका मजाक उड़ाया.

मालूम हो कि 17 नवंबर को फिलीपींस की राजधानी मनीला में क्वाड समूह के नेताओं की बैठक हुई. इसमें मोदी के साथ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज और जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची शामिल हुए.

इस बैठक से ठीक पहले नेताओं का फोटो सेशन हुआ. द वायर की रिपोर्ट के मुताबिक, इसके बाद हुई आमने-सामने की बैठक करीब 90 मिनट तक चली.

फोटो सेशन के दौरान कई पत्रकारों ने ट्रंप से सवाल पूछने शुरू कर दिए. पत्रकारों ने एनवीडिया, डॉयचे बैंक से लीक हुई फाइलों, ट्रंप की चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात, ईरान और अन्य मुद्दों पर लगातार सवाल किए. ट्रंप इन सवालों के जवाब देने के लिए तैयार नजर आए.

डॉयचे बैंक से जुड़े सवाल के तुरंत बाद जब एक पत्रकार अभी अपनी बात कह ही रहे थे, मोदी ने जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची और फिर ट्रंप की ओर देखा. उस समय तक मोदी काफी असहज नजर आने लगे थे और अपनी जगह पर हिलते दिखाई दे रहे थे. इसके बाद उन्होंने धीमी आवाज में कुछ कहा. ध्यान से देखने वाले लोगों ने उनके इस सवाल को अंग्रेजी में ‘शैल वी गो’ (क्या हम चलें?) कहने के तौर पर पहचाना.

हालांकि, किसी भी नेता ने मोदी के इस सुझाव पर ध्यान नहीं दिया. सभी अपनी जगह पर खड़े रहे और ट्रंप अगले तीन मिनट तक पत्रकारों के सवालों का जवाब देते रहे. इस दौरान मोदी ने पूरी तरह चुप्पी साधे रखी.

एक मौके पर ट्रंप ने मोदी और ताकाइची की ओर देखते हुए कहा, ‘देखिए, मुझसे ऐसे सवाल पूछे जाते हैं. बहुत मुश्किल सवाल.’

मोदी बिना कोई प्रतिक्रिया दिए सामने देखते रहे, जबकि ताकाइची ने सिर हिलाकर उनकी बात पर सहमति जताई. ट्रंप ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान मोदी को ‘सख्त’ भी बताया और कहा कि ताकाइची शायद उनसे भी ज्यादा सख्त हैं.

उल्लेखनीय है कि नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री के रूप में अपने 12 साल के कार्यकाल में भारत में अब तक कोई भी अकेली और बिना पूर्व निर्धारित सवालों वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं की है. विदेश यात्राओं के दौरान भी मोदी शायद ही कभी पत्रकारों के अनौपचारिक और बिना तय सवालों का जवाब देते हैं.

इसी साल ओस्लो की यात्रा के दौरान भी मोदी का एक पत्रकार के सवाल पूछने पर वहां से चले जाना काफी चर्चा में रहा था. नॉर्वे की पत्रकार हेले ल्यूंग ने उनसे सीधे पूछा था कि वे स्वतंत्र मीडिया के पत्रकारों के सवालों का जवाब क्यों नहीं देते. इस सवाल के बाद मोदी वहां से चले गए थे.

इसके बाद सोशल मीडिया पर मोदी समर्थकों ने ल्यूंग को निशाना बनाते हुए उन्हें ट्रोल किया था. हाल ही में उन्हें तेलंगाना सरकार द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में वीजा होने के बावजूद शामिल होने की अनुमति नहीं दी गई.

इसी तरह इस साल मोदी की मेलबर्न यात्रा के दौरान ऑस्ट्रेलियाई मीडिया ने भी उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस न होने पर सवाल उठाए थे.

हालांकि, इससे पहले साल 2023 में अमेरिका की यात्रा के दौरान मोदी ने ह्वाइट हाउस में पत्रकारों के दो सवालों के जवाब दिए थे.

ज्ञात हो कि 2026 के विश्व प्रेस स्वतंत्रता इंडेक्स में भारत 180 देशों में 157वें स्थान पर है.

मोदी की इस टिप्पणी पर इंटरनेट पर लोगों की कई तरह की प्रतिक्रियाएं देखी जा रही है:

 

 

 

Source: The Wire