बेलगावी शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल खड़े बाजार में पुरानी और जर्जर ड्रेनेज पाइपलाइन को हटाकर नई पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू किया गया है।

सुरक्षा के मद्देनजर इस इलाके की सभी दुकानों और कमर्शियल प्रतिष्ठानों को अस्थायी तौर पर बंद रखा गया है। बताया जा रहा है कि यह काम पूरा होने में अभी 3 से 4 दिन का वक्त लग सकता है।

खुदाई के दौरान पता चला कि पुरानी ड्रेनेज पाइपलाइन जमीन की सतह से करीब 13 से 14 फीट नीचे है। इतनी गहराई से पुरानी पाइपलाइन निकालकर नई पाइपलाइन बिछाने में मजदूरों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इसी वजह से काम में उम्मीद से ज्यादा वक्त लग रहा है।

वहीं, सड़क की बड़े पैमाने पर खुदाई किए जाने से आसपास की मिट्टी धंसने का खतरा भी बना हुआ है। ऐसे में रात के समय काम करना भी मुमकिन नहीं हो पा रहा है।

प्रशासन की ओर से लोगों और वाहन चालकों से अपील की गई है कि काम पूरा होने तक खड़े बाजार की सड़क से गुजरते समय एहतियात बरतें और परेशानी से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।