कर्नाटक सरकार ने हिजाब से जुड़ा विवादित हुक्म वापस लिया
तालीमी इदारों में 2022 का यूनिफॉर्म सर्कुलर रद्द

कर्नाटक की सिद्दारमैया सरकार ने पूर्व बीजेपी हुकूमत के दौर में साल 2022 में जारी किया गया तालीमी इदारों के यूनिफॉर्म से जुड़ा विवादित हुक्म वापस ले लिया है। यह हुक्म उस वक्त मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई की क़ियादत वाली सरकार ने जारी किया था, जिसके तहत सरकारी तालीमी इदारों में हिजाब पहनने की इजाज़त नहीं दी गई थी। अब मौजूदा रियासती सरकार ने इस हुक्म को बाकायदा मंसूख कर दिया है।

रियासती सरकार की तरफ से जारी आदेश में कहा गया है कि तालीमी इदारों में अनुशासन और यूनिफॉर्म के उसूलों को बरकरार रखते हुए, बिना किसी भेदभाव के संवैधानिक क़द्रों के मुताबिक सीमित मजहबी और रिवायती निशानियां पहनने की इजाज़त देने के मकसद से 2022 के हुक्म को वापस लिया गया है।

सरकार ने साफ किया है कि रियासत के तमाम तालीमी इदारों के लिए नए गाइडलाइन्स जारी किए जाएंगे, ताकि तलबा के दस्तूरी हक़ूक, मजहबी आज़ादी और तालीमी अनुशासन के बीच मुतवाज़िन माहौल कायम रखा जा सके।