हिजाब मामले पर आर अशोक का कांग्रेस सरकार पर बड़ा हमला
“वोट बैंक सियासत के लिए खेला जा रहा है हिजाब कार्ड”
कर्नाटक विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और बीजेपी के सीनियर लीडर R. Ashoka ने राज्य सरकार द्वारा शैक्षणिक संस्थानों में यूनिफॉर्म से जुड़े 2022 के आदेश को वापस लेने के फैसले पर सख्त नाराज़गी जताई है।
आर अशोक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म “एक्स” पर जारी अपने बयान में आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार मुस्लिम वोट बैंक को बरकरार रखने और अल्पसंख्यक तबके की नाराज़गी कम करने के लिए “हिजाब कार्ड” इस्तेमाल कर रही है।
उन्होंने कहा कि महंगाई, भ्रष्टाचार, किसानों के मसले और कानून-व्यवस्था जैसी अहम समस्याओं पर खामोश रहने वाली सरकार अब सियासी फायदे के लिए हिजाब मुद्दे को हवा दे रही है।
बीजेपी नेता ने कहा कि साल 2022 में तत्कालीन बीजेपी सरकार ने शैक्षणिक संस्थानों में ड्रेस कोड लागू किया था, जिसे Karnataka High Court ने भी बरकरार रखा था। उनके मुताबिक मौजूदा सरकार एक खास तबके की खुशामद के लिए अदालत के फैसले की रूह को नजरअंदाज कर रही है।
आर अशोक ने आगे आरोप लगाया कि एक तरफ हिजाब की इजाज़त दी जा रही है, जबकि दूसरी तरफ भगवा शॉल पर पाबंदी जारी है, जो “एकतरफा सेक्युलरिज्म” की मिसाल है।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार शैक्षणिक संस्थानों को बराबरी का केंद्र बनाने के बजाय मजहब के आधार पर छात्रों को बांटने की कोशिश कर रही है।

