बेलगावी: शहर के बहुप्रतीक्षित फ्लाईओवर प्रोजेक्ट को लेकर तैयारियां तेज़ हो गई हैं। जिला कलेक्टर मोहम्मद रोशन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में हुई हाईलेवल समन्वय बैठक में सितंबर के आखिर तक हर हाल में फ्लाईओवर का निर्माण कार्य शुरू करने का लक्ष्य तय किया गया।

बैठक के बाद डीसी मोहम्मद रोशन ने कहा कि “हमारी पूरी कोशिश है कि सितंबर के आखिर तक फ्लाईओवर का काम पॉज़िटिवली शुरू कर दिया जाए।”

कलेक्ट्रेट में आयोजित इस अहम बैठक में पुलिस कमिश्नर, जिला पंचायत के CEO, DCF और लोक निर्माण विभाग (PWD) के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में शहर के लिए PWD द्वारा तैयार किए गए फ्लाईओवर के डिज़ाइन और निर्माण कार्य की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।

पहले चरण में 270 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले फ्लाईओवर के लिए PWD पहले ही टेंडर जारी कर चुका है। टेंडर की प्रक्रिया अगस्त तक चलेगी, जबकि सितंबर में टेंडर फाइनल कर वर्क ऑर्डर जारी किए जाने के बाद सितंबर के अंत तक निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी की जा रही है।

इसके अलावा, राज्य सरकार ने इसी वर्ष फ्लाईओवर के दूसरे चरण के लिए 250 करोड़ रुपये भी मंजूर किए हैं। डीसी ने बताया कि अगले 2 से 3 महीनों में दूसरे चरण का डिज़ाइन अंतिम रूप देकर कैबिनेट की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।

निर्माण कार्य के दौरान शहर में ट्रैफिक जाम से बचने के लिए पुलिस कमिश्नर ने ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार किया है। वहीं, प्री-कंस्ट्रक्शन वर्क, अस्थायी बैरिकेडिंग और सड़कों को मजबूत करने जैसे कार्यों के लिए 270 करोड़ रुपये की परियोजना में से 3 करोड़ रुपये अलग से निर्धारित किए गए हैं।

फ्लाईओवर निर्माण के दौरान HESCOM की बिजली लाइनें, पानी की पाइपलाइन और सीवेज लाइन को शिफ्ट करने के लिए भी यूटिलिटी शिफ्टिंग कॉम्पोनेंट के तहत आवश्यक अनुमान शामिल किया गया है।

बैठक में यह भी फैसला लिया गया कि परियोजना की जद में आने वाले पेड़ों को काटा नहीं जाएगा। उनकी जगह उन्हें 1 से 2 किलोमीटर के दायरे में सरकारी या सार्वजनिक स्थानों पर ट्रांसलोकेट किया जाएगा।

डीसी मोहम्मद रोशन ने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान आम नागरिकों और व्यापारियों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए जल्द ही सभी संबंधित पक्षों के साथ ब्रॉड कंसल्टेशन मीटिंग आयोजित की जाएगी, ताकि सभी के सहयोग से परियोजना को समय पर पूरा किया जा सके।