चिक्कोडी: राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण के लिए अधिग्रहित की गई कृषि भूमि का उचित और बढ़ा हुआ मुआवज़ा देने तथा पूरे तालुका में लंबित सिंचाई परियोजनाओं को जल्द लागू करने की मांग को लेकर आज चिक्कोडी में हजारों किसानों ने विशाल प्रदर्शन किया।

किसान बड़ी संख्या में शहर के बसवेश्वर सर्कल पर एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने मुख्य सड़क पर बैलगाड़ियों को कतार में खड़ा कर अनोखे अंदाज़ में चक्का जाम किया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।

इस विशाल आंदोलन में कर्नाटक राज्य किसान संघ के पदाधिकारी और स्थानीय मठाधीश भी शामिल हुए और किसानों के आंदोलन को अपना समर्थन दिया।

प्रदर्शन में किसान संघ के गौरव अध्यक्ष शशिकांत गुरूजी, अध्यक्ष चुन्नप्पा पूजेरी, उपाध्यक्ष सत्यप्पा मल्लापूरे, चिक्कोडी के संपादना स्वामीजी तथा चिंचणी के शिवप्रसाद देवरु समेत कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।

नेताओं ने सरकार से मांग की कि किसानों की जायज़ मांगों को बिना किसी देरी के स्वीकार किया जाए और भूमि अधिग्रहण का उचित मुआवज़ा देने के साथ-साथ सिंचाई परियोजनाओं को जल्द से जल्द शुरू किया जाए।