खानापुर: खानापुर–लोंडा NH-4 हाईवे के गुंजी इलाके में सड़क निर्माण में हो रही देरी की वजह से सर्विस रोड कीचड़ में तब्दील हो गई है। बुधवार को एक तरफ ट्रक और दूसरी तरफ टिप्पर कीचड़ में फंस गए, जिससे पूरे इलाके में ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई सालों से सर्विस रोड का काम अधूरा पड़ा है। लगातार बारिश के कारण सड़क पर भारी कीचड़ जमा हो गया है, जिससे रोजाना स्कूल–कॉलेज जाने वाले छात्र, वाहन चालक और आम नागरिकों को घंटों तक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
भारी वाहनों के बार-बार कीचड़ में फंसने से लोगों और छात्रों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता जताई जा रही है।
स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया है कि ठेकेदार की लापरवाही के बावजूद क्षेत्र के सांसद विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी और विधायक विठ्ठलराव हलगेकर ने इस गंभीर समस्या पर खामोशी अख्तियार की है। लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों को ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई कर सड़क निर्माण तेज करवाना चाहिए था।
नागरिकों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर घटिया निर्माण और देरी के लिए जिम्मेदार ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही, अस्थायी इंतजाम के बजाय युद्धस्तर पर सर्विस रोड का निर्माण पूरा कर स्थायी समाधान उपलब्ध कराने की अपील की है।

