बेलगावी: संगमेश्वर नगर में अतिक्रमण की गई सरकारी जमीन को बचाकर आम लोगों के इस्तेमाल के लिए मुहैया कराने की दिशा में BUDA की तरफ से एक अहम कदम उठाया गया है। इसके लिए 25 लाख रुपये का फंड मंजूर किया गया है। खास बात यह है कि कल ही पदभार संभालने वाले BUDA अध्यक्ष और विधायक आसिफ सेठ ने आज पार्क निर्माण के काम का उद्घाटन किया।

बेलगावी शहरी विकास प्राधिकरण यानी BUDA के नवनियुक्त अध्यक्ष एवं विधायक आसिफ सेठ ने संगमेश्वर नगर में सार्वजनिक जगह पर अतिक्रमण रोकने और स्थानीय लोगों की सहूलियत के लिए कंपाउंड निर्माण, पेवर्स लगाने और जिम के उपकरणों के साथ पार्क विकसित करने के काम को हरी झंडी दिखाई।

इस मौके पर आसिफ सेठ ने कहा कि सार्वजनिक संपत्ति की हिफाज़त सिर्फ सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि स्थानीय लोगों की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे सरकारी और सार्वजनिक जमीन को अतिक्रमण से बचाने में प्रशासन का साथ दें।

अतिक्रमण हटाकर सार्वजनिक जगह को लोगों के लिए इस्तेमाल में लाने की यह पहल इलाके के लिए काफी अहम मानी जा रही है।

विधायक आसिफ सेठ ने शहर में आधे-अधूरे पड़े तमाम विकास कार्यों को जल्द मुकम्मल करने का भरोसा भी दिलाया। उन्होंने बताया कि शहर की सड़कों पर बने गड्ढों को भरने के लिए टेंडर प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है और अब काम भी शुरू कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि हेल्पलाइन के ज़रिए आम लोगों से मिलने वाली शिकायतों पर फौरन कार्रवाई कर समस्या का समाधान किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाली गणेश चतुर्थी से पहले शहर की तमाम सड़कों को बेहतर हालत में लाने की कोशिश की जा रही है।

इस मौके पर इम्रान फतेखान, नगरसेवक श्रेयस नाकाड़ी, BUDA की इंजीनियर मंजुश्री, बाबाजान पठाण समेत कई अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।