प्रदर्शन कर रहे किसानों ने बुधवार को अपना ‘‘दिल्ली चलो’’ मार्च फिर से शुरू करने का आह्वान किया था जिसके लिए वे आज आगे बढ़ रहे हैं।

किसानों के पंजाब-हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर बैरिकेंडिंग की तरफ बढ़ने पर बुधवार को हरियाणा पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। पुलिस ने सुबह करीब 11 बजे आंसू गैस का गोला छोड़ा जिसके बाद किसान बचने के लिए इधर-उधर भागते दिखे।

ज्ञात हो कि प्रदर्शन कर रहे किसानों ने बुधवार को अपना ‘‘दिल्ली चलो’’ मार्च फिर से शुरू करने का आह्वान किया था जिसके लिए वे आज आगे बढ़ रहे हैं।

न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के अनुसार सरकारी एजेंसियों द्वारा पांच साल तक दालें, मक्का और कपास न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदने के केंद्र के प्रस्ताव को खारिज करने के बाद वे अपना आंदोलन फिर से शुरू कर रहे हैं।

हजारों किसानों ने 13 फरवरी को दिल्ली की ओर मार्च शुरू किया था। इन किसानों को हरियाणा सीमा पर ही रोक दिया गया था, जहां उनकी सुरक्षाकर्मियों से झड़प हुई थी। किसान तब से हरियाणा के साथ लगती पंजाब की सीमा पर शंभू और खनौरी बॉर्डर पर डेरा डाले हुए हैं।

संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा फसलों के लिए एमएसपी पर कानूनी गारंटी और कृषि कर्ज माफी समेत अपनी मांगों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार पर दबाव बनाने के लिए ‘दिल्ली चलो’ मार्च का नेतृत्व कर रहे हैं।

Source: News Click