बेलगावी: बेवूर रोड पर देर रात करीब 2 बजे एक विशाल बरगद के दरख़्त की शाख़ अचानक टूटकर सड़क पर गिर गई, जिससे ट्रैफिक पूरी तरह ठप हो गया। दरख़्त गिरने की वजह से बिजली की तारें भी टूटकर सड़क पर आ गिरीं, जिससे हालात और गंभीर हो गए।

मामले की जानकारी मिलते ही आज सुबह कैंटोनमेंट बोर्ड के अधिकारियों ने पूर्व उपाध्यक्ष साजिद शेख से मदद की गुहार लगाई। जनता की परेशानी को देखते हुए साजिद भाई फौरन मौके पर पहुंचे और खुद जेसीबी मशीन पर चढ़कर कैंटोनमेंट कर्मचारियों के साथ मिलकर दरख़्त की शाखाओं को हटाने का काम शुरू किया।

काफी मशक्कत के बाद सड़क पर गिरे दरख़्त को पूरी तरह हटाकर रास्ता साफ किया गया। साजिद शेख की तत्परता और जनसेवा की भावना की स्थानीय लोगों ने सराहना की। फिलहाल बेवूर रोड पर वाहनों की आवाजाही सामान्य हो गई है।