बेलगावी में पूर्व सैनिक की मौत का सनसनीखेज खुलासा, 2 करोड़ की इंश्योरेंस रकम के लिए बीवी ने आशिक के साथ मिलकर किया कत्ल!
बेलगावी जिले में तीन महीने पहले हुई एक पूर्व सैनिक की रहस्यमय मौत अब एक सनसनीखेज मर्डर केस में तब्दील हो गई है। सड़क हादसे में घायल होकर इलाज करा रहे शौहर को उसकी बीवी और उसके आशिक ने अस्पताल में ही ज़हर देकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस जांच में इस खौफनाक साजिश का पर्दाफाश हुआ है।
मामला बेलगावी जिले के हुक्केरी तालुका के गोडगेरी गांव का है। पूर्व सैनिक संदीप मंजरगी हुक्केरी जत्रा से वापस लौट रहे थे, तभी उनका एक मामूली सड़क हादसा हुआ था। हादसे के बाद उन्हें इलाज के लिए घटप्रभा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों के मुताबिक संदीप की हालत में लगातार सुधार हो रहा था और वह धीरे-धीरे स्वस्थ हो रहे थे।
इसी दौरान संदीप की पत्नी सुमा ने अपने प्रेमी पुंडलिक के साथ मिलकर एक खौफनाक साजिश रची। पुलिस के अनुसार, सुमा को डर था कि उसका गैरकानूनी रिश्ता उजागर हो जाएगा। साथ ही, पति की मौत के बाद करीब 2 करोड़ रुपये की बीमा राशि मिलने का लालच भी था। इसी लालच में दोनों ने अस्पताल में संदीप को चढ़ाई जा रही सलाइन बोतल में कीटनाशक दवा मिला दी, जिससे उनकी मौत हो गई।
वारदात को छिपाने के लिए पत्नी ने इसे सड़क हादसे से हुई मौत बताकर परिवार और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। लेकिन यमकनमरडी के सीपीआई जावीद मुशापूरे की अगुवाई में यमकनमरडी और घटप्रभा पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की। जांच के दौरान कई संदिग्ध पहलू सामने आए, जिसके बाद यह खुलासा हुआ कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि एक सुनियोजित हत्या थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बेलगावी के उप-विभागीय अधिकारी (एसी) श्रवणकुमार नायक की मौजूदगी में जांच टीम ने तीन महीने पहले दफनाए गए पूर्व सैनिक संदीप के शव को कब्र से बाहर निकाला। शव के अवशेषों का पंचनामा कर उन्हें फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद हत्या के सभी सबूत और मजबूत हो जाएंगे।
मृतक के भाई संजय मंजरगी ने कहा, “हम सभी इसे सड़क हादसे में हुई मौत मान रहे थे। लेकिन सीपीआई जावीद मुशापूरे और उनकी टीम की गहन जांच की वजह से सच्चाई सामने आई है।” उन्होंने पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की।
परिवार वालों ने भावुक होकर कहा कि देश की सेवा करने वाले एक सैनिक के साथ विश्वासघात कर उसकी हत्या करने वालों को कानून के तहत सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए।

