बेलगावी समेत कर्नाटक के 14 ठिकानों पर ED की बड़ी रेड, 13.3 करोड़ रुपये ज़ब्त

बेंगलुरु/बेलगावी: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कर्नाटक के बेंगलुरु, मैसूरु और बेलगावी में एक साथ 14 ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। यह रेड आबकारी (Excise) विभाग में कथित भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में की गई।

ED की जांच कर्नाटक लोकायुक्त पुलिस की FIR के आधार पर शुरू हुई। इल्ज़ाम है कि आबकारी विभाग के कुछ आला अफसर शराब के लाइसेंस जारी करने, रिन्यूअल और ट्रांसफर के बदले भारी रिश्वत वसूलते थे। इस ग़ैर-क़ानूनी रकम से ज़मीन, मकान, सोना और दूसरे कारोबारों में निवेश किया जाता था।

ED का दावा है कि आबकारी विभाग में रिश्वतखोरी का एक पूरा नेटवर्क काम कर रहा था। शराब दुकानों से हर महीने तय रकम वसूली जाती थी और लाइसेंस से जुड़े हर काम के लिए अलग से पैसे लिए जाते थे। इस रकम का हिसाब एक गुप्त कैश बुक में रखा जाता था, जिसे छापेमारी के दौरान बरामद कर लिया गया।

जांच में यह भी सामने आया कि कई अधिकारियों ने अपने घरवालों और करीबियों के नाम पर शराब के लाइसेंस लेकर कारोबार शुरू किया और उस कारोबार की कमाई को वैध आय दिखाकर काले धन को सफेद किया जाता था।

ED की कार्रवाई आबकारी विभाग के अधिकारी जगदीश नायक, के. एम. थम्मन्ना और वाई. डी. मंजूनाथ, उनके परिवार, बिजनेस पार्टनर्स और करीबियों के ठिकानों पर की गई।

छापेमारी के दौरान वाई. डी. मंजूनाथ, उनके ड्राइवर, परिवार और सहयोगियों के ठिकानों से करीब 5.5 करोड़ रुपये नकद, लगभग 7.8 करोड़ रुपये के सोने के ज़ेवरात और करीब 3.3 लाख रुपये की विदेशी मुद्रा बरामद हुई।

ED के मुताबिक इस मामले में अब तक कुल 13.3 करोड़ रुपये की नकदी, सोना और विदेशी मुद्रा ज़ब्त की जा चुकी है। एजेंसी का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में इस केस में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।