बेलगावी में पिछले 24 घंटों से लगातार झमाझम बारिश हो रही है। पूरे जिले में घने बादलों का डेरा है और मौसम पूरी तरह ठंडा हो गया है। करीब एक महीने की देरी से मानसून जैसी बारिश शुरू होने के बाद मौसम विभाग ने जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। लगातार हो रही बारिश की वजह से आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी और स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्रों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जिले के अलग-अलग इलाकों में कल से बिना रुके बारिश जारी है, जिससे लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। इस साल जिस बारिश का लंबे समय से इंतजार था, वह करीब एक महीने की देरी से बेलगावी पहुंची है। बारिश के चलते मौसम सुहावना और ठंडा जरूर हुआ है, लेकिन सार्वजनिक परिवहन और रोजमर्रा के कामकाज पर इसका असर साफ दिखाई दे रहा है।
स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राएं हाथों में छाते लेकर सफर करते नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग ने पहले ही बेलगावी जिले के लिए येलो अलर्ट घोषित कर दिया है और आने वाले दिनों में बारिश की तीव्रता और बढ़ने की संभावना जताई है। विभाग ने आम नागरिकों और किसानों से सतर्क रहने तथा आवश्यक एहतियात बरतने की अपील की है।

