राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की तीन दिवसीय अखिल भारतीय प्रांत प्रचारक बैठक आज से बेलगावी में शुरू हो गई है। संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले की क़ियादत में यह अहम बैठक आयोजित की जा रही है। पहले ही दिन देशभर में हाल ही में संपन्न हुए संघ के प्रशिक्षण वर्गों की रिपोर्ट और गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बेलगावी के अनगोळ स्थित संत मीरा स्कूल में आयोजित इस उच्चस्तरीय बैठक में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, सभी सह सरकार्यवाह, विभिन्न कार्य विभागों के अखिल भारतीय प्रमुख, सह प्रमुख और कार्यकारिणी सदस्य मौजूद हैं।
इसके अलावा क्षेत्रीय प्रचारक, सह क्षेत्रीय प्रचारक, देश के सभी 46 प्रांतों के प्रांत प्रचारक, सह प्रांत प्रचारक और संघ प्रेरित विभिन्न संगठनों के अखिल भारतीय संगठन मंत्री भी बैठक में हिस्सा ले रहे हैं।
बैठक के पहले दिन मार्च 2026 के बाद विभिन्न स्तरों पर आयोजित हुए संघ के प्रशिक्षण वर्गों की रिपोर्ट, शाखाओं की कार्ययोजना के अमल और संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की गई।
बैठक में संघ के शताब्दी वर्ष के तहत देशभर में हुए शाखा विस्तार की रिपोर्ट का जायज़ा लिया जा रहा है। साथ ही आने वाले दिनों में शाखाओं के विस्तार की नई योजनाओं पर भी गंभीर चर्चा हो रही है।
इसके अलावा शताब्दी वर्ष के तहत अब तक आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया। सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के वर्ष 2026-27 के प्रवास कार्यक्रम से जुड़े मुद्दे भी बैठक के एजेंडे में शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, संघ के शताब्दी वर्ष के तहत शेष कार्यक्रम आगामी विजयदशमी उत्सव तक लगातार आयोजित किए जाएंगे।

