बेलगावी: लोक निर्माण विभाग (PWD) एवं बेलगावी जिला प्रभारी मंत्री सतीश जारकीहोली ने कहा है कि बेलगावी राज्य का दूसरा सबसे बड़ा जिला है, इसलिए आगामी मंत्रिमंडल विस्तार में जिले को कम से कम तीन मंत्री पद मिलना चाहिए।

बेलगावी में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि इस संबंध में पार्टी हाईकमान उचित फैसला करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन को मजबूत करने और आने वाले चुनावों को ध्यान में रखते हुए योग्य नेताओं को मंत्रिमंडल में स्थान मिलेगा।

बारिश और फसल नुकसान के मुद्दे पर मंत्री ने कहा कि जिले के कई हिस्सों में अच्छी बारिश होने से करीब 50 प्रतिशत पानी की समस्या दूर हो गई है, लेकिन कुछ इलाकों में अब भी वर्षा की कमी के कारण फसलों को नुकसान हुआ है। इस संबंध में जिला प्रशासन को विस्तृत सर्वे कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद प्रभावित किसानों को सरकार की ओर से उचित मुआवजा देने पर निर्णय लिया जाएगा।

KUWS कर्मचारियों की सेवा समाप्ति से जुड़े सवाल पर जारकीहोली ने कहा कि उन्हें इस मामले की अभी जानकारी मिली है। वे जिला अधिकारी से चर्चा कर उचित समाधान निकालने का प्रयास करेंगे।

आरएसएस की बैठक को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि आरएसएस के अंदरूनी मामलों की जानकारी आसानी से बाहर नहीं आती, उनकी गतिविधियां काफी हद तक गोपनीय रहती हैं।

वहीं राम मंदिर दानपेटी (हुंडी) चोरी मामले पर उन्होंने गंभीर चिंता जताते हुए कहा कि यह बेहद संवेदनशील मामला है। इसकी जांच जारी है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने राज्य के मुजराई विभाग के अंतर्गत आने वाले सभी मंदिरों में सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए हैं।

सतीश जारकीहोली ने कहा कि हाल की घटनाएं एक चेतावनी हैं। मुजराई मंदिरों की आय केवल संबंधित मंदिरों के विकास कार्यों पर ही खर्च होनी चाहिए। मंदिरों की धनराशि का कोई भी व्यक्ति दुरुपयोग कर मौज-मस्ती नहीं कर सकेगा और इस पर सरकार सख्ती से रोक लगाएगी।