खानापुर तालुका में नाली के पानी की निकासी को लेकर शुरू हुआ एक मामूली विवाद खौफनाक हत्या में बदल गया। पड़ोसियों के बीच हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि एक शख्स ने गुस्से में आकर दूसरे के सीने पर पिकैसी (सलकी) से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

यह सनसनीखेज वारदात खानापुर तालुका के तोलगी गांव में हुई। जानकारी के मुताबिक, गांव के अमीर मक्तूम हुसैन पाश्घापूर और उनके पड़ोसी अशोक रामप्पा उगरकोड के बीच नाली का पानी बहाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था।

देखते ही देखते बहस हिंसक झड़प में तब्दील हो गई। आरोप है कि गुस्से में आए अशोक उगरकोड ने पिकैसी (सलकी) से अमीर के सीने पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से अमीर के सीने से काफी खून बह निकला और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही नंदगड पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का मुआयना किया और आरोपी को तत्काल हिरासत में ले लिया।

मृतक के परिजनों की शिकायत पर नंदगड पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।