बेलगावी शहर के रामदेव गली स्थित वी.पी. वेरणेकर एंड सन्स ज्वेलरी शॉप में हुई चोरी के मामले में बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जिस शख्स ने चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी, वही इस वारदात का मास्टरमाइंड निकला। यानी कहावत सच साबित हुई कि “बाड़ ही खेत खाने लगी।”
जानकारी के मुताबिक, तिलकवाड़ी के सावरकर रोड निवासी कृष्णानंद विश्वनाथ वेरणेकर ने 17 जुलाई को खडेबाजार पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि 16 जुलाई की रात अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर और दरवाज़ा तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली।
मामले की जांच के दौरान खडेबाजार पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण, तकनीकी सबूत और अन्य साक्ष्यों की जांच की। जांच के दौरान पुलिस को शिकायतकर्ता पर ही शक हुआ। पूछताछ में कृष्णानंद वेरणेकर ने कबूल किया कि दुकान में रखे सोने-चांदी के जेवर और नकदी उसने खुद ही निकालकर अपनी एक्टिवा स्कूटर की डिक्की में ले जाकर छिपाए थे।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 45 हजार रुपये कीमत की एक्टिवा स्कूटर, 62,60,990 रुपये कीमत के 519.8 ग्राम सोने के जेवर, 6 हजार रुपये कीमत के 31 ग्राम चांदी के जेवर और 2,83,010 रुपये नकद बरामद किए हैं। इस तरह कुल 65 लाख 95 हजार रुपये का माल जब्त किया गया है।
शहर के पुलिस आयुक्त भूषण बोरसे ने बताया कि जांच में शिकायतकर्ता की संलिप्तता साबित होने के बाद उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जांच पूरी होने के बाद अदालत में चार्जशीट दाखिल की जाएगी। उन्होंने इस मामले का सफलतापूर्वक पर्दाफाश करने वाली खडेबाजार पुलिस की टीम की सराहना भी की।

