मुसलमानों के खिलाफ कथित भड़काऊ बयान, C.T. रवि के खिलाफ मामला दर्ज
जामा मस्जिद के सदर की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू की

कर्नाटक विधान परिषद के सदस्य C.T. रवि के खिलाफ मुसलमानों के बारे में कथित तौर पर आपत्तिजनक और भड़काऊ बयान देने के आरोप में चिक्कमगलूर टाउन पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई है।

पुलिस ने जामा मस्जिद, चिक्कमगलूर के सदर मुदस्सिर पाशा की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 353(2) के तहत मामला दर्ज किया है।

शिकायत के मुताबिक, 23 जुलाई की शाम आज़ाद पार्क में “Youth for Nation, Chikkamagaluru” द्वारा आयोजित विरोध सभा को संबोधित करते हुए C.T. रवि ने NEET परीक्षा के मुद्दे पर भाषण दिया, जिसमें कथित रूप से मुस्लिम समुदाय के लिए आपत्तिजनक और भड़काऊ शब्दों का इस्तेमाल किया गया। शिकायत में कहा गया है कि इस बयान से मुसलमानों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि C.T. रवि ने अपने भाषण में एक खास धार्मिक समुदाय को निशाना बनाया और ऐसे बयान दिए जो धार्मिक नफरत फैलाने, दो समुदायों के बीच तनाव पैदा करने और कानून-व्यवस्था की स्थिति को प्रभावित करने की आशंका पैदा करते हैं।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आगे की कानूनी कार्रवाई जांच की प्रगति के अनुसार की जाएगी।

Source: Haqeeqat Times