तन्वीर सेठ को वज़ारत न मिलने पर समर्थक की खुदकुशी की कोशिश, कई ज़िलों में एहतिजाज
बेंगलुरु, 3 अगस्त:
कर्नाटक कैबिनेट विस्तार के फौरन बाद कांग्रेस में नाराज़गी और बगावत खुलकर सामने आ गई है। वज़ारत से महरूम रह गए कई विधायकों ने पार्टी क़ियादत के खिलाफ खुलकर नाराज़गी जताई है, जबकि कुछ ने विधायक पद से इस्तीफा देने की धमकी भी दी है। सूबे के मुख्तलिफ़ इलाकों में समर्थकों ने एहतिजाज शुरू कर दिया है।
सागर से कांग्रेस विधायक बेलूर गोपाल कृष्णा ने एलान किया है कि वह 4 अगस्त की सुबह विधायक पद और बोर्ड के अपने ओहदे से इस्तीफा देंगे। उन्होंने इल्ज़ाम लगाया कि कैबिनेट में नए और काबिल चेहरों को नज़रअंदाज़ किया गया, जबकि पहले से मंत्री रह चुके लोगों को दोबारा मौका दिया गया। उन्होंने दावा किया कि उनके साथ दूसरे नाराज़ विधायक भी इस्तीफा दे सकते हैं।
वहीं इंडी से विधायक यशवंत राव गौड़ा पाटिल ने भी वज़ारत न मिलने पर गहरी मायूसी ज़ाहिर की। उन्होंने कहा कि पार्टी क़ियादत ने उन्हें भरोसा दिया था, लेकिन आख़िरी वक़्त में वादा पूरा नहीं किया गया। उन्होंने भी विधायक पद छोड़ने का एलान करते हुए कहा कि स्पीकर से मिलने का वक़्त मांगा है और समर्थकों से मशविरा करने के बाद आख़िरी फ़ैसला करेंगे।
उधर कोलार ज़िले के चार कांग्रेस विधायकों में भी कैबिनेट में जगह न मिलने को लेकर नाराज़गी है। ज़िले के जनप्रतिनिधि जल्द बैठक कर आगे की सियासी रणनीति तय करेंगे।
इस बीच मैसूर में कांग्रेस के सीनियर मुस्लिम लीडर तनवीर सेठ को वज़ारत न मिलने से नाराज़ उनके एक समर्थक तबरीज़ ने कथित तौर पर ज़हर पीकर खुदकुशी की कोशिश की। उन्हें फौरन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाज़ुक बताई जा रही है।
तनवीर सेठ ने भी कैबिनेट में अपनी अनदेखी पर नाराज़गी जताते हुए कहा कि उन्हें इस बार मंत्री बनने की पूरी उम्मीद थी, लेकिन कांग्रेस क़ियादत ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। उन्होंने कहा कि सही वक़्त पर समर्थकों से मशविरा करने के बाद आगे का फ़ैसला करेंगे।
इसके अलावा रायचूर, कोप्पल और बेंगलुरु समेत कई इलाकों में वज़ारत से महरूम विधायकों के समर्थकों ने एहतिजाज किया और पार्टी क़ियादत के खिलाफ नारेबाज़ी की।
कैबिनेट विस्तार के बाद पैदा हुई यह नाराज़गी कांग्रेस सरकार के लिए एक नए सियासी चैलेंज के तौर पर देखी जा रही है। फिलहाल पार्टी क़ियादत नाराज़ नेताओं को मनाने की कोशिश में जुटी हुई है।
Source: Haqeeqat Times

