जुर्म के मामलों की तफ्तीश को और ज़्यादा साइंटिफिक और असरदार बनाने के लिए पुलिस महकमे ने बड़ा क़दम उठाया है। स्टेट फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी के तआवुन से अब बेलगावी शहर को भी अत्याधुनिक ‘मोबाइल फॉरेंसिक वैन’ की सुविधा मिल गई है। यह वैन वारदात की जगह पर ही अहम सबूत इकट्ठा करने में मदद करेगी।
इस हाईटेक फॉरेंसिक वैन को इस मक़सद से तैयार किया गया है कि क्राइम सीन पर ही साइंटिफिक सबूतों की पहचान, कलेक्शन और हिफ़ाज़त की जा सके। वैन में कुल 16 तरह की स्पेशल फॉरेंसिक किट्स मौजूद हैं, जिनमें क्राइम सीन प्रोटेक्शन, डीएनए, यौन उत्पीड़न (Sexual Assault) एविडेंस कलेक्शन और नारकोटिक्स टेस्टिंग किट्स शामिल हैं।
इसके अलावा फिंगरप्रिंट, फुटप्रिंट, हथियार और विस्फोटक की जांच के लिए आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं। डिजिटल एविडेंस जुटाने के लिए स्टेरियो माइक्रोस्कोप और हाई-इंटेंसिटी लाइट सोर्स जैसी अत्याधुनिक मशीनें भी उपलब्ध हैं।
सबूतों को सुरक्षित रखने के लिए वैन में रेफ्रिजरेटर, GPS आधारित बॉडी-वॉर्न कैमरा, जनरेटर, फ्लड लाइट और हाई-रिज़ॉल्यूशन कैमरे भी लगाए गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही क्राइम सीन ऑफिसर्स मौके पर पहुंचकर सबूतों को दूषित हुए बिना साइंटिफिक तरीके से इकट्ठा करेंगे। इससे जांच की गुणवत्ता बेहतर होगी और अदालत में मज़बूत सबूत पेश कर अपराधियों को सज़ा दिलाने में मदद मिलेगी। यह जानकारी शहर के पुलिस आयुक्त भूषण बोरसे ने दी।

