बेलगावी: जिले में SIR (Special Intensive Revision) के पहले चरण की प्रक्रिया पूरी हो गई है। इस दौरान 36,476 वोटरों के नाम मैपिंग में नहीं आए हैं। इन वोटरों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। यह जानकारी डिप्टी कमिश्नर मोहम्मद रोशन ने सोमवार को बेलगावी में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।
डीसी ने बताया कि जिन लोगों का नाम SIR की प्रक्रिया में नहीं आया है, वे अपने संबंधित BLO (Booth Level Officer) से संपर्क करें। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में अपना नाम जरूर चेक करें।
जिलेभर में 24 अगस्त को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी की जा रही है। ग्राम पंचायत कार्यालयों और वार्ड के नोटिस बोर्ड पर लिस्ट उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा वेबसाइट के जरिए भी वोटर अपना नाम चेक कर सकते हैं।
अगर ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में नाम नहीं है तो घबराने की जरूरत नहीं है। 24 अगस्त से 29 सितंबर तक नाम जोड़ने, डिटेल में करेक्शन कराने और आपत्ति दर्ज कराने का मौका दिया गया है। नए वोटर के लिए फॉर्म-6, NRI वोटरों के लिए फॉर्म-6A, नाम हटाने या आपत्ति के लिए फॉर्म-7 और डिटेल में सुधार या विधानसभा क्षेत्र बदलने के लिए फॉर्म-8 का इस्तेमाल किया जा सकता है।
SIR प्रक्रिया के तहत जिले में कुल 41,07,000 वोटरों में से 35,93,561 वोटरों के नाम बरकरार रखे गए हैं। मौत, दूसरे स्थान पर शिफ्ट होने समेत विभिन्न कारणों से बाकी नामों की जांच जारी है। इस प्रक्रिया में 1,34,903 मृत वोटरों के नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए हैं।
24 अगस्त से नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू होगी और 22 सितंबर तक ग्राम पंचायत स्तर पर सुनवाई की जाएगी। नाम को लेकर किसी तरह की आपत्ति या करेक्शन होने पर संबंधित दस्तावेज जमा करने होंगे। निर्धारित 11 दस्तावेजों में उम्र और जन्मस्थान से जुड़े दस्तावेज भी जांच के लिए देने होंगे। दस्तावेजों की जांच के बाद योग्य लोगों के नाम दोबारा वोटर लिस्ट में शामिल किए जाएंगे।
डीसी ने लोगों से अपील की कि वे ड्राफ्ट वोटर लिस्ट को जरूर चेक करें। अगर नाम लिस्ट में नहीं है तो तुरंत फॉर्म-6 जमा कर नए सिरे से वोटर के तौर पर रजिस्ट्रेशन करवाएं।
इसी बीच जिले में पोलिंग बूथों की संख्या भी बढ़ाई गई है। अब बेलगावी जिले में कुल 4,644 पोलिंग बूथ हैं, जिनमें 119 नए पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।

