बेलगावी: चुनाव आयोग की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी SIR प्रक्रिया के तहत जिले में जारी किए जा रहे नोटिस को लेकर बाहर रहने वाले और विदेशों में मौजूद वोटरों को हो रही परेशानियों को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। नोटिस की मुद्दत और स्थानीय समस्याओं को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) से बातचीत की गई है। आम लोगों की सहूलियत को देखते हुए जल्द ही नए दिशा-निर्देश जारी किए जाने की उम्मीद है। यह बात बेलगावी के डिप्टी कमिश्नर मोहम्मद रोशन ने कही।
बेलगावी में आज मीडिया से बातचीत करते हुए डीसी मोहम्मद रोशन ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइंस के मुताबिक जिले में कुल 84 हजार नोटिस जारी करने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें से अब तक करीब 60 हजार नोटिस सफलतापूर्वक पहुंचाए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि नोटिस हासिल करने वाले लोगों को कम से कम 7 दिन का वक्त देना जरूरी है। हालांकि, मुंबई, पुणे और बेंगलुरु जैसे शहरों में रहने वाले वोटरों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए उनकी सहूलियत के मुताबिक तारीख तय करने की हिदायत BLO यानी बूथ लेवल ऑफिसर्स को दी गई है।
डीसी ने बताया कि गर्भवती महिलाओं, हाल ही में मां बनी महिलाओं, सैनिकों और अमेरिका, लंदन समेत दूसरे मुल्कों में वीजा से जुड़ी परेशानियों की वजह से रह रहे वोटरों की मुश्किलों को भी मुख्य निर्वाचन अधिकारी के सामने रखा गया है।
उन्होंने कहा कि लोगों को किसी तरह की परेशानी या असुविधा न हो, इसके लिए रियायत और प्रक्रिया को आसान बनाने से जुड़े नए आदेश जल्द जारी किए जाएंगे। प्रशासन की कोशिश है कि SIR प्रक्रिया के दौरान हर वोटर को अपनी बात रखने और जरूरी दस्तावेज पेश करने के लिए मुनासिब वक्त और सहूलियत मिले।

