बेलगावी: फर्जी फॉर्म के जरिए अल्पसंख्यक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने की कोशिश के आरोप में भाजपा नेता डॉ. रवि पाटील समेत 20 से 25 लोगों के खिलाफ बेलगावी के मार्केट पुलिस थाने में FIR दर्ज की गई है।

यह मामला वार्ड नंबर 12 से जुड़ा है। आरोप है कि 22 सितंबर को वीरभद्र नगर के मतदान केंद्र संख्या 195 और 196 में जीवित एवं वैध मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फॉर्म नंबर 7 के जरिए आवेदन करने की कोशिश की गई।

मामले को लेकर वार्ड नंबर 12 के BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) ने मार्केट पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

FIR में भाजपा नेता डॉ. रवि पाटील, विजय अस्पताल के कर्मचारी प्रशांत, नेकिनमनी शंकर नायक समेत करीब 20 से 25 लोगों के नाम शामिल बताए जा रहे हैं।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 198 मुस्लिम मतदाताओं को निशाना बनाकर उनके नाम मतदाता सूची से हटाने की साजिश की गई। इसके अलावा कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज और गलत जानकारी देने के आरोप भी लगाए गए हैं।

बताया जा रहा है कि 22 सितंबर को स्थानीय लोगों ने डॉ. रवि पाटील समेत तीन लोगों को पकड़कर आरोप लगाया था कि वे फॉर्म नंबर 7 के माध्यम से मतदाताओं के नाम हटाने का प्रयास कर रहे हैं। घटना के करीब आठ दिन बाद अब मार्केट पुलिस थाने में FIR दर्ज की गई है।

पुलिस ने अपराध संख्या 213/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।