बेळगावी शहर के राष्ट्रीय राजमार्ग पर पतंग के खतरनाक मांझे की वजह से एक दर्दनाक हादसा पेश आया। मांझा युवक के गले में फंसने के बाद बाइक का बैलेंस बिगड़ गया और बाइक डिवाइडर से जा टकराई। इस हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना गांधी नगर इलाके के पास गुरुवार को हुई।

मृतक की पहचान बेळगावी के महांतेश नगर निवासी ध्रुव कर्जगी (19) के तौर पर हुई है।

बताया जा रहा है कि ध्रुव बाइक से जा रहे थे, इसी दौरान अचानक पतंग का मांझा उनके गले में फंस गया। मांझे की वजह से उन्होंने बाइक पर अपना नियंत्रण खो दिया और दोपहिया वाहन सड़क के बीच बने डिवाइडर से जोरदार टकरा गया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि ध्रुव ने बाइक पर ही दम तोड़ दिया और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।

घटना के संबंध में बेळगावी उत्तर ट्रैफिक पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।