कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री बनने के बाद कुछ लोगों ने उन्हें ट्रैप करने की कोशिश की थी। उन्होंने दावा किया कि इस साजिश के पीछे का मास्टरमाइंड कौन है, इसकी भी उन्हें जानकारी है।

मीडिया से बातचीत के दौरान शिवकुमार ने कहा कि वह एक जिम्मेदार पद पर हैं, इसलिए बिना सबूत के कोई बात नहीं करते। उनके पास इस मामले से जुड़े सभी सबूत और जानकारी मौजूद हैं। जरूरत पड़ने पर वह संबंधित लोगों की तस्वीरें भी जारी कर सकते हैं।

शिवकुमार ने कहा कि कुछ लोग उनके पास आए थे और बातचीत के नाम पर उन्होंने क्या-क्या किया, इसकी पूरी जानकारी उन्हें है। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस पूरे मामले के पीछे कौन है और किसके जरिए आर्थिक मदद दी जा रही है, इसकी जानकारी भी उनके पास मौजूद है।

उन्होंने कहा कि इसी वजह से उन्होंने अपने लोगों को सतर्क और सावधान रहने की हिदायत दी है।

SIR में Form-7 के दुरुपयोग का आरोप

वहीं, SIR प्रक्रिया में चुनाव आयोग के Form-7 के दुरुपयोग के आरोपों पर भी डी.के. शिवकुमार ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि Form-7 का किस तरह गलत इस्तेमाल किया गया, इससे जुड़े दस्तावेज वह कांग्रेस हाईकमान के सामने रखेंगे।

शिवकुमार ने कहा कि सभी दस्तावेज वह अपने साथ दिल्ली लेकर आए हैं और इस मामले की जानकारी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को देंगे। उन्होंने कहा कि इस मामले में जांच की जाएगी।

डी.के. शिवकुमार ने आरोप लगाया कि इस कथित अनियमितता में राज्यपाल से मुलाकात करने वाले कुछ नेता भी शामिल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों का नाम सामने आने का डर है, वही जांच नहीं चाहते हैं।

कांग्रेस नेताओं के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई को भी शिवकुमार ने अमानवीय बताया।

GST बैठक में भी शामिल होंगे शिवकुमार

पिछले तीन दिनों से GST से जुड़ी बैठक चल रही है और आज मुख्यमंत्रियों को बैठक के लिए आमंत्रित किया गया है। शिवकुमार ने कहा कि वह राज्य के हित से जुड़ी जरूरी जानकारी और मुद्दों को बैठक में रखेंगे।

विजयेंद्र का पलटवार

वहीं, मंत्रियों को स्टिंग ऑपरेशन से सावधान रहने की डी.के. शिवकुमार की सलाह पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र ने पलटवार किया है।

बागलकोट में मीडिया से बात करते हुए विजयेंद्र ने कहा कि रमेश जारकीहोली मामले में स्टिंग ऑपरेशन कौन कर रहा था, यह राज्य की जनता जानती है।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अपने ही विधायकों पर स्टिंग कर रहे हैं या ‘डिंग डिंग ऑपरेशन’ किसने किया था, यह भी डी.के. शिवकुमार को अच्छी तरह मालूम है।