बेलगावी में वोटर लिस्ट की रिवीजन प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियों और अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए बीजेपी के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने वोटर लिस्ट की गलतियों को दुरुस्त करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक अनिल बेनके ने आरोप लगाया कि बेलगावी में वोटर लिस्ट की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी SIR प्रक्रिया के दौरान फर्जी नामों की एंट्री और घरों के पते को लेकर गड़बड़ियां सामने आई हैं। बूथ नंबर 212, 213, 214 और 215 के दायरे में नहीं आने वाले मकान नंबरों पर 300 से ज्यादा वोटरों के नाम दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा, एक ही CTS नंबर का इस्तेमाल कई बूथों में किया गया है और एक ही पते पर 20 से 30 लोगों के नाम दर्ज होने का भी आरोप लगाया गया है।
इस मामले में डॉ. रवि पाटील ने कहा कि वोटर लिस्ट रिवीजन का मकसद मृत वोटरों और दूसरी जगह शिफ्ट हो चुके लोगों के नाम हटाना, साथ ही नए पात्र वोटरों के नाम शामिल करना है। अगर हर साल यह प्रक्रिया सही तरीके से नहीं की गई, तो फर्जी वोटरों की तादाद बढ़ सकती है। उन्होंने बताया कि बीजेपी की तरफ से तमाम खामियों और संदिग्ध नामों की सूची तैयार कर संबंधित BLO और अधिकारियों के पास आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं।
वहीं, बीजेपी प्रतिनिधिमंडल की शिकायत सुनने के बाद बेलगावी के जिलाधिकारी ने वोटर लिस्ट में सामने आई गड़बड़ियों की विस्तृत जांच कराने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि नियमों के खिलाफ नाम शामिल किए जाने के मामले में जांच की जाएगी और दोषी अधिकारियों या कर्मचारियों के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।

