दिवाली के बाद दिल्ली की हवा पांच साल में सबसे प्रदूषित दर्ज की गई. सीपीसीबी के मुताबिक, दिवाली पर औसत एक्यूआई 376 रहा, जबकि कई इलाकों में यह 2000 के पार पहुंच गया. पटाखों पर पाबंदी के बावजूद आतिशबाजी हुई. प्रदूषण के साथ आग की घटनाएं और एक बच्चे की मौत भी सामने आई.

नई दिल्ली: दिवाली के बाद दिल्ली की हवा एक बार फिर जहरीली हो गई है. राजधानी ने इस साल पांच साल में सबसे प्रदूषित दिवाली दर्ज की. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक, दिवाली के दिन दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 376 रहा. अगले दिन सोमवार सुबह भी हालात नहीं सुधरे. सुबह 10 बजे एक्यूआई 371 दर्ज किया गया.

शहर के ऊपर धुंध और कोहरे की मोटी परत छाई रही. कई इलाकों में सांस लेना मुश्किल हो गया. टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, दिवाली के अगले दिन का औसत एक्यूआई भी 2021 के बाद सबसे ज्यादा रहा.

सीपीसीबी के 51 निगरानी केंद्रों में से 14 ने हवा की गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज की. चार केंद्रों पर हवा ‘खराब’ रही, जबकि बाकी 33 केंद्रों पर स्थिति ‘बहुत खराब’ थी. दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (डीटीयू) में एक्यूआई 439 दर्ज किया गया, जो शहर के निगरानी केंद्रों में सबसे अधिक था.

दिवाली के दिन प्रदूषण का स्तर पिछले वर्षों के मुकाबले भी ज्यादा रहा. 2025 में दिवाली पर औसत एक्यूआई 345 था. 2024 में यह 328, 2023 में 218 और 2022 में 312 दर्ज किया गया था. इस साल यह आंकड़ा 376 तक पहुंच गया. 2021 में दिवाली के दिन एक्यूआई 382 था.

रिपोर्ट के मुताबिक, दिवाली के अगले दिन पूरे दिन का औसत एक्यूआई 2025 में 351, 2024 में 338, 2023 में 360, 2022 में 302 और 2021 में 462 रहा था.

सुबह घने कोहरे और धुंध से घिरी राजधानी

सोमवार सुबह दिल्ली में दृश्यता भी काफी कम रही. सफदरजंग मौसम केंद्र पर सुबह 6.30 बजे दृश्यता घटकर 50 मीटर रह गई थी. एक दिन पहले यह 700 मीटर थी. पालम में दृश्यता 400 मीटर दर्ज की गई.

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, सफदरजंग में रात 2.30 बजे से सुबह 9 बजे तक घना कोहरा रहा. पालम में सुबह 5 बजे से 8.30 बजे तक मध्यम कोहरा दर्ज किया गया.

आईएमडी के अधिकारियों ने पीटीआई को बताया कि दिल्ली में कोहरे के साथ धुंध भी थी. अधिकारियों के मुताबिक, हवा की रफ्तार कम रहने और मौसम शुष्क होने के कारण प्रदूषण के स्तर में गिरावट नहीं आ सकी.

कई इलाकों में एक्यूआई 400 के पार

एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, दिवाली के बाद सोमवार सुबह सीपीसीबी के आंकड़ों में दिल्ली का एक्यूआई सुबह 8.10 बजे 483 तक पहुंच गया था. शहर के कम से कम 15 निगरानी केंद्रों पर एक्यूआई 400 के पार दर्ज किया गया.

विवेक विहार में एक्यूआई 445, बुराड़ी क्रॉसिंग में 441 और जहांगीरपुरी में 433 से 442 के बीच रहा. रोहिणी में यह 430 से 438 के बीच दर्ज किया गया. डीटीयू में भी एक्यूआई 430 से 434 के बीच रहा.

बवाना में एक्यूआई 427, गाजीपुर में 418, मुंडका में 417 और पंजाबी बाग में 408 से 409 के बीच दर्ज किया गया. वहीं, मथुरा रोड स्थित केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान में एक्यूआई 396 रहा.

यहां ध्यान देने वाली बात है कि सीपीसीबी का एक्यूआई 0 से 500 के पैमाने पर दर्ज किया जाता है. 401 से 500 के बीच हवा की गुणवत्ता ‘गंभीर’ मानी जाती है. इससे ऊपर प्रदूषण बढ़ने पर भी सरकारी एक्यूआई में अधिकतम 500 या 500+ ही दिखाया जा सकता है.

वहीं, निजी निगरानी प्लेटफॉर्म अलग-अलग तरीकों से प्रदूषण का स्तर मापते हैं. एनडीटीवी के मुताबिक, स्विस प्लेटफॉर्म आईक्यूएयर ने दिवाली के बाद शाहदरा और दक्षिण दिल्ली के डिफेंस कॉलोनी में एक्यूआई 1,000 से ज्यादा दर्ज किया. एक अन्य निजी प्लेटफॉर्म AQI.in ने रविवार रात दिल्ली का एक्यूआई 2,283 तक पहुंचने की बात कही. सोमवार सुबह इस प्लेटफॉर्म पर एक्यूआई 637 दर्ज किया गया.

इन आंकड़ों की सीपीसीबी के एक्यूआई से सीधी तुलना नहीं की जा सकती. निजी प्लेटफॉर्म प्रदूषण की मात्रा को सूचकांक में बदलने के लिए अलग-अलग गणना पद्धतियों का इस्तेमाल करते हैं.

पटाखों पर पाबंदी के बावजूद आतिशबाजी

दिल्ली में पटाखे फोड़ने पर पाबंदियों के बावजूद दिवाली की शाम कई इलाकों में आतिशबाजी हुई. पीटीआई के मुताबिक, पीतमपुरा, बुराड़ी, मयूर विहार और लुटियंस दिल्ली के कुछ हिस्सों में पटाखे फोड़े गए. बाहरी दिल्ली के पीतमपुरा और बुराड़ी के अलावा मयूर विहार में आतिशबाजी की तीव्रता अधिक रही.

पूर्वी दिल्ली के जिला मजिस्ट्रेट के आदेश के मुताबिक, 7 और 8 नवंबर को सुबह 6 से 7 बजे और रात 8 से 10 बजे तक ही ग्रीन पटाखे फोड़ने की अनुमति थी. अस्पतालों, नर्सिंग होम, स्वास्थ्य केंद्रों, वृद्धाश्रमों, शिक्षण संस्थानों और अन्य साइलेंस जोन के 300 मीटर के दायरे में पटाखे फोड़ने पर रोक थी.

केवल सीएसआईआर-नीरी से प्रमाणित ग्रीन पटाखों की बिक्री की अनुमति थी. इन्हें भी दिल्ली पुलिस और जिला प्रशासन की ओर से तय स्थानों पर ही बेचा जाना था.

इसके बावजूद कई लोगों ने तय समय के बाद भी पटाखे फोड़े. इस बीच, दिल्ली में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (ग्रैप) के तीसरे चरण की पाबंदियां पहले से लागू थीं. इसके तहत गैर-जरूरी निर्माण गतिविधियों पर रोक, वाहनों पर सख्त प्रतिबंध और प्राथमिक कक्षाओं के लिए हाइब्रिड पढ़ाई जैसे कदम शामिल हैं.

प्रदूषण के साथ आग की घटनाएं, पटाखे से बच्चे की मौत

दिवाली की रात दिल्ली में आग लगने की घटनाएं भी सामने आईं. दिल्ली अग्निशमन सेवा को दिवाली पर कुल 257 आपातकालीन कॉल मिलीं. इनमें 214 आग से जुड़ी थीं. आग से संबंधित कॉल में 24 पटाखों के कारण थीं. रात 8 से 10 बजे के बीच सबसे ज्यादा 85 कॉल मिलीं. रात 10 बजे से आधी रात तक 61 कॉल दर्ज की गईं. आग बुझाने के दौरान पांच दमकलकर्मी घायल हुए.

एनडीटीवी के मुताबिक, दिल्ली के नरेला में दिवाली की रात पटाखा फोड़ते समय 10 वर्षीय ऋषि की मौत हो गई. बताया गया कि बच्चा स्काईरॉकेट जला रहा था, जो आसमान में जाने के बजाय उसकी छाती से टकरा गया. उसे सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया.

परिवार ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाया है. हालांकि, अस्पताल की ओर से इस संबंध में कोई प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं है.

भाजपा विधायक ने कहा- पटाखे फोड़ने से कई बीमारियां ठीक होंगी

पश्चिम बंगाल में भाजपा विधायक पापिया अधिकारी ने दावा किया है कि पटाखे फोड़ने से कई बीमारियां ठीक हो सकती हैं. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, टॉलीगंज से विधायक पापिया अधिकारी अपने क्षेत्र में काली पूजा के एक कार्यक्रम का उद्घाटन करने पहुंची थीं.

वह माइक पर भाषण दे रही थीं, तभी उनके सामने एक पटाखा जोर से फूटा. इसके बाद उन्होंने कहा, ‘आप देखेंगे कि पटाखे फोड़ने से कई बीमारियां ठीक होंगी.’

पापिया अधिकारी ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री ने पटाखे फोड़ने की बात कही है. उनके मुताबिक, पटाखों के बिना काली पूजा पूरी नहीं हो सकती. उन्होंने कहा कि लोग पटाखे जरूर फोड़ेंगे, लेकिन पुलिस के दिशानिर्देशों का पालन करेंगे.

इससे पहले पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने काली पूजा और दिवाली के दौरान पटाखे फोड़ने को लेकर संदेश दिया था. उन्होंने लोगों से ग्रीन पटाखों का इस्तेमाल करने और ध्वनि प्रदूषण से जुड़े नियमों का पालन करने की अपील की थी.

अगले कुछ दिन भी हवा ‘गंभीर’ रहने की आशंका

वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली (ईडब्ल्यूएस) के मुताबिक, दिल्ली की हवा अगले कुछ दिनों तक ‘गंभीर’ श्रेणी में रह सकती है.

ईडब्ल्यूएस के अनुसार, हवा में प्रदूषण फैलाने वाले कणों को बाहर निकालने के लिए मौसम अनुकूल नहीं है. वेंटिलेशन इंडेक्स 6,000 वर्ग मीटर प्रति सेकंड से नीचे और औसत हवा की रफ्तार 10 किलोमीटर प्रति घंटे से कम रहने पर प्रदूषक हवा में जमा होते रहते हैं.

मौसम की प्रतिकूल स्थिति, वाहनों से निकलने वाला धुआं, दिवाली की आतिशबाजी और पड़ोसी राज्यों में पराली जलाने की घटनाएं प्रदूषण बढ़ने के प्रमुख कारणों में शामिल हैं.

आईक्यूएयर के मुताबिक, सोमवार सुबह दिल्ली में पीएम2.5 का स्तर 170 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया. यह विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की वार्षिक गाइडलाइन सीमा से करीब 34 गुना ज्यादा है.

पीएम2.5 बेहद छोटे कण होते हैं, जो फेफड़ों में गहराई तक पहुंच सकते हैं और खून में भी प्रवेश कर सकते हैं. इनके संपर्क में आने से स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है.

Source: The Wire