सीएमआईई के आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में भारत की बेरोज़गारी दर बढ़कर 4.7 फीसदी हो गई, जबकि रोज़गार दर कोविड महामारी के बाद के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई. बेरोज़गारी में इस बढ़ोतरी का सबसे ज़्यादा असर ग्रामीण क्षेत्रों और महिलाओं पर पड़ा. ग्रामीण बेरोज़गारी दर 4.7 फीसदी और महिलाओं में 12.7 फीसदी रही.
नई दिल्ली: भारत में बेरोजगारी दर सितंबर के 4 फीसदी से बढ़कर अक्टूबर में 4.7 फीसदी हो गई. यह बढ़ोतरी मुख्य रूप से ग्रामीण क्षेत्रों और महिलाओं में बेरोजगारी बढ़ने के कारण हुई है. सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकोनॉमी (सीएमआईई) के आंकड़ों में यह जानकारी सामने आई है.
सीएमआईई के आंकड़ों से तैयार फाइनेंशियल एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर में रोजगार पाने वाले लोगों की संख्या में करीब पांच लाख की कमी आई और यह घटकर 44.95 करोड़ रह गई. रिपोर्ट के मुताबिक, इस मौसम में रोजगार के आंकड़ों में गिरावट असामान्य नहीं है. लेकिन चिंता की बात यह है कि रोजगार दर (ईआर) पिछले कुछ महीनों से लगातार नीचे बनी हुई है. कोविड महामारी के दौरान आई गिरावट के बाद यह सबसे निचले स्तरों में पहुंच गई है.
सीएमआईई के कंज्यूमर पिरामिड्स घरेलू सर्वे के मुताबिक, रोजगार दर सितंबर में 39.4 फीसदी थी, जो अक्टूबर में घटकर 39.3 फीसदी रह गई. जनवरी 2020 में, यानी कोविड महामारी से पहले, यह 39.7 फीसदी थी.

