घटना टोंक ज़िले की है, जहां पंचायत चुनाव में वॉर्ड चार से भाजपा प्रत्याशी के हारने के ठीक बाद क्षेत्र की कुछ जगहों से महीनेभर पहले लगवाई गईं स्ट्रीटलाइट हटा दी गईं. जयपुर विद्युत वितरण निगम लि. का कहना है कि अवैध कनेक्शन के चलते लाइटें उतारी गई हैं. वहीं स्थानीय लोग इन्हें उतारने के समय पर सवाल उठा रहे हैं.
नई दिल्ली: राजस्थान में पंचायत चुनाव हाल ही में निपटे हैं. इसी बीच राज्य के टोंक जिले से खबर आई है कि शुक्रवार (20 नवंबर) को जिले के वॉर्ड चार से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार के पंचायत समिति चुनाव हारने के कुछ ही समय बाद जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (जेवीवीएनएल) ने हाल ही में लगाई गई कई स्ट्रीटलाइट्स को हटा दिया.
निगम का दावा है कि इनमें बिजली के कनेक्शन अनधिकृत (बिना अनुमति के) थे.
उधर ग्रामीणों ने बताया है कि रनोली ग्राम पंचायत के कुम्हारों की ढाणी, बेगमपुरा, हनीफगंज और बीजलपुरा गांवों में दीपावली और चुनाव से पहले ये लाइटें लगाई गई थीं. बताया गया है कि लाइटें निवाई के भाजपा विधायक रामसहाय वर्मा के निजी सहायक (पीए) आलोक शर्मा के कहने पर लगी थीं, जो हालिया चुनावों में हारी एक प्रत्याशी प्रियंका शर्मा के पति भी हैं.
स्थानीय लोगों ने इसे बदले की कार्रवाई क़रार दिया है. उनका कहना है चूंकि कांग्रेस उम्मीदवार धन्नालाल ने प्रियंका शर्मा को 751 मतों से हराया है, इसके प्रतिशोध में यह कदम उठाया गया है.
बताया गया है कि जेवीवीएनएल की फॉल्ट संभालने वाली टीम ने कुम्हारों की ढाणी में करीब 10 खंभों से लाइटें उतार लीं. ऐसा स्थानीय निवासियों के विरोध के बावजूद किया गया. इस बीच नवनिर्वाचित सरपंचों ने बीच-बचाव किया और कथित तौर पर बाकी 40 खंभों का बिजली बिल चुकाने पर सहमति जताई.
इस घटना की जनता और राजनीतिक दलों ने खासी आलोचना की है; चुनाव नतीजों के महज कुछ घंटे बाद ही अचानक स्ट्रीटलाइट हटाए जाने से इस कार्रवाई के समय को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.

