2 करोड़ रुपये के बीमा के लिए रिटायर्ड फौजी का कत्ल, पत्नी और आशिक समेत 9 गिरफ्तार

बेळगावी जिले में 2 करोड़ रुपये के बीमा की रकम हासिल करने के लिए एक रिटायर्ड फौजी की उसकी ही पत्नी ने अपने आशिक के साथ मिलकर अस्पताल में हत्या कर दी। इस सनसनीखेज मामले का खुलासा एसपी के. रामराजन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया।

मृतक की पहचान 46 वर्षीय रिटायर्ड सैनिक संदीप मंजरगी के रूप में हुई है। सड़क हादसे में घायल होने के बाद संदीप का इलाज चल रहा था। इसी दौरान उसकी पत्नी सुमा ने अपने प्रेमी पुंडलिक के साथ मिलकर पहले उसे नींद की गोलियां दीं और फिर सलाइन के जरिए जहर देकर मौत के घाट उतार दिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या को हादसे में हुई मौत दिखाने की साजिश रची गई थी। आरोपियों ने एफएसएल रिपोर्ट में जहर की पुष्टि होने के बावजूद पैसे के दम पर रिपोर्ट में फेरबदल करवाने की कोशिश की। इस साजिश में कुछ पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों की भी मिलीभगत सामने आई है।

पुलिस ने अब तक पत्नी सुमा, उसके प्रेमी पुंडलिक समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बीमा की रकम के बंटवारे को लेकर हुए विवाद के बाद पूरा राज खुल गया। एसपी के. रामराजन ने मामले का पर्दाफाश करने वाली यमकनमरडी और घटप्रभा पुलिस टीम की सराहना की है।