बेलगावी: पैगंबर हज़रत मोहम्मद (सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम) और हज़रत आयशा (रज़ि.) के बारे में कथित तौर पर आपत्तिजनक बयान देने के आरोप में भाजपा नेता नाज़िया इलाही खान के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार को अंजुमन-ए-इस्लाम और विभिन्न मुस्लिम संगठनों ने बेलगावी में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जिला अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि नाज़िया इलाही खान ने यूट्यूब सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किए गए अपने वीडियो में इस्लाम धर्म, पैगंबर हज़रत मोहम्मद (सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम) और हज़रत आयशा (रज़ि.) के बारे में आपत्तिजनक और भड़काऊ टिप्पणियां की हैं, जिससे मुस्लिम समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

इस दौरान मीडिया से बात करते हुए मुफ्ती मंज़ूर आलम ने कहा कि नाज़िया इलाही खान लगातार अपने भाषणों के जरिए इस्लाम की मुकद्दस हस्तियों के खिलाफ बयानबाज़ी कर रही हैं। इससे देश और दुनिया भर के करोड़ों मुसलमानों तथा अमन पसंद लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची है।

उन्होंने कहा कि सरकार की नरमी या लापरवाही की वजह से इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं। देश में सांप्रदायिक सौहार्द और अमन कायम रखने के लिए नाज़िया इलाही खान के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल गिरफ्तार किया जाना चाहिए।

वहीं युवा नेता अमान सेठ ने भी कहा कि नाज़िया इलाही खान लगातार इस्लाम की मुकद्दस हस्तियों के खिलाफ बयान दे रही हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि देश में भाईचारा और शांति बनाए रखने के लिए उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

इस मौके पर अंजुमन-ए-इस्लाम बेलगावी के पदाधिकारी और विभिन्न मुस्लिम संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद रहे।