बेलगावी: प्रभावशाली लोगों के कथित अवैध अतिक्रमण पर आंखें मूंदकर बैठे अधिकारी सिर्फ सड़क किनारे रोज़ी-रोटी कमाने वाले छोटे व्यापारियों को निशाना बना रहे हैं। यह गंभीर आरोप लगाते हुए अनगोळ के व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने आज बेलगावी महानगर पालिका आयुक्त को ज्ञापन सौंपा और चुनौती दी कि, “अगर दम है तो ‘वो’ अधिकारी पहले खाऊकट्टा के फुटपाथ से अतिक्रमण हटाकर दिखाएं।”

हाल ही में अनगोळ क्षेत्र में बेलगावी महानगर पालिका द्वारा चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के खिलाफ व्यापारियों में भारी नाराज़गी देखने को मिली। व्यापारियों का आरोप है कि एससी-एसटी और पिछड़े वर्ग के गरीब एवं छोटे व्यापारियों की रोज़ी-रोटी छीनने वाली कार्रवाई की गई, जबकि प्रभावशाली लोगों के अवैध कब्जों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।

ज्ञापन सौंपने के दौरान व्यापारी नेता सुजीत मुलगुंद ने अधिकारियों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “साल 2022 से शहर के खाऊकट्टा इलाके में फुटपाथों पर अवैध कब्जा कर टेबल-कुर्सियां लगाकर खुलेआम कारोबार किया जा रहा है। अगर संबंधित अधिकारी में हिम्मत है, तो पहले वहां का पूरा अतिक्रमण हटाकर ‘फुटपाथ क्लियरेंस’ करके दिखाएं।”

वहीं एडवोकेट एन. आर. लाथूर ने कहा कि जिन व्यापारियों ने महानगर पालिका की अनुमति लेकर और नियमित रूप से जमीन का किराया (ग्राउंड रेंट) भरकर व्यापार किया है, उन्हें बिना कोई नोटिस दिए हटाना कानून का उल्लंघन है। उन्होंने प्रभावित व्यापारियों को हुए नुकसान का मुआवज़ा देने और कार्रवाई करने वाले अधिकारियों के खिलाफ उचित कदम उठाने की मांग की।

इस दौरान अनगोळ के बड़ी संख्या में फुटपाथ एवं सड़क किनारे व्यापार करने वाले व्यापारी मौजूद रहे और उन्होंने निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।