बेलगावी के कैंप इलाके की अहम सड़कों को बंद करने के लिए सेना की ओर से रखे गए प्रस्ताव का विधायक आसिफ सेठ ने कड़ा विरोध किया है। इस मामले को लेकर डिप्टी कमिश्नर ऑफिस में एक अहम बैठक हुई, जिसमें डिप्टी कमिश्नर, पुलिस कमिश्नर और कैंटोनमेंट बोर्ड के CEO सिद्दाराम समेत आला अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में विधायक आसिफ सेठ ने कहा कि कैंप इलाके की सड़कें बंद होने से पूरे शहर में भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति पैदा हो सकती है। इससे रोजाना इन रास्तों से गुजरने वाले हजारों आम नागरिकों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

बैठक में यह भी आपत्ति जताई गई कि आम जनता के इस्तेमाल वाली कैंटोनमेंट सड़कों को बंद नहीं किया जाना चाहिए। इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट के आदेश और रक्षा मंत्रालय के स्पष्ट निर्देश मौजूद होने के बावजूद सड़कें बंद करने का प्रस्ताव नियमों के खिलाफ है।

इस मामले में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और विधायक की ओर से पहले ही आधिकारिक तौर पर आपत्ति दर्ज कराई जा चुकी है। आम लोगों की सहूलियत और ट्रैफिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए ब्रिगेडियर और वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों से सड़क बंद करने का फैसला पूरी तरह वापस लेने की मांग की गई है।

विधायक आसिफ सेठ ने बताया कि सैन्य अधिकारियों की ओर से इस प्रस्ताव को वापस लेने का भरोसा दिया गया है।