बेलगावी जिले के कित्तूर तालुक के अवरादी गांव में प्रॉपर्टी बंटवारे को लेकर हुए पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। ग्राम पंचायत कार्यालय में ही पिता और बेटी की धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
मृतकों की पहचान मूल रूप से अवरादी गांव निवासी और फिलहाल धारवाड़ में रहने वाले पूर्व सैनिक रुद्रप्पा कुंदरगी (67) और उनकी बेटी शशिकला कुंदरगी (26) के तौर पर हुई है।
बताया जा रहा है कि रुद्रप्पा के कार ड्राइवर पर भी हमला किया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही कित्तूर थाना पुलिस, SOCO और FSL की टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की।
पुलिस के मुताबिक, रुद्रप्पा के ग्राम पंचायत आने की जानकारी मिलते ही उनके भाई बसप्पा कुंदरगी, संगप्पा कुंदरगी और उनके बेटे मडिवाळप्पा कुंदरगी ने कथित तौर पर अचानक हमला कर दिया। ग्राम पंचायत कार्यालय के अंदर ही रुद्रप्पा पर धारदार हथियार से हमला किया गया। इस दौरान पिता को बचाने पहुंची उनकी बेटी शशिकला पर भी हमला कर उनकी हत्या कर दी गई।
बताया गया है कि आखिर प्रॉपर्टी विवाद क्या था? 38 गुंटा जमीन के बंटवारे को लेकर रुद्रप्पा और उनके भाइयों के बीच विवाद चल रहा था। कोर्ट के आदेश के मुताबिक जमीन तीन लोगों के बीच बांटी गई थी। हालांकि, रुद्रप्पा को मिली जमीन उन्होंने पहले ही बेच दी थी। इसके बावजूद बाकी बची जमीन में भी अपना हिस्सा मांग रहे थे।
रुद्रप्पा के नाम पर कुछ प्रॉपर्टी होने के चलते विवाद और बढ़ गया था। इसी सिलसिले में जमीन के दस्तावेजी काम के लिए रुद्रप्पा ग्राम पंचायत पहुंचे थे। इसी दौरान कथित तौर पर उनके भाइयों ने हमला कर दिया और पिता-पुत्री की हत्या के बाद मौके से फरार हो गए।
दोहरी हत्या की जानकारी मिलते ही जिला पुलिस अधीक्षक के. रामराजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय पुलिस अधिकारियों से जानकारी ली। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की आगे जांच जारी है।
दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए तालुक अस्पताल भेज दिया गया है। पिता-पुत्री की डबल मर्डर की वारदात से अवरादी गांव में खौफ का माहौल है। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए हैं।

