बेळगावी: वीरभद्र नगर उर्दू स्कूल में मंगलवार को करीब दोपहर 2 बजे Form-7 को लेकर उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब दो शख्स स्कूल पहुंचे और अपने साथ करीब 200 Form-7 लेकर आए।

बताया जा रहा है कि दोनों शख्स ने BLOs से कहा कि वे कॉरपोरेशन की तरफ से आए हैं और इन फॉर्म्स पर साइन करके देने को कहा। जब BLOs ने पूछा कि उन्हें किसने भेजा है, तो उन्होंने कॉरपोरेशन के AERO उदय कुमार का नाम लिया।

इसके बाद BLOs ने कहा कि उदय कुमार साहब से फोन पर बात कराइए। आरोप है कि दोनों शख्स ने किसी दूसरे व्यक्ति को फोन किया और उसे उदय कुमार के तौर पर पेश किया गया। फोन पर कथित तौर पर BLOs से कहा गया कि “मैं उदय कुमार जी बोल रहा हूं, फौरन इन फॉर्म्स पर साइन करके दीजिए।”

बाद में BLOs को शक हुआ और पूछताछ करने पर पता चला कि दोनों शख्स न तो कॉरपोरेशन के कर्मचारी हैं और न ही BLOs। दोनों VOTC — Vijay Ortho and Trauma Care का यूनिफॉर्म पहनकर आए थे।

जब उनसे इस बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कथित तौर पर कहा कि उन्हें डॉ. रवि पाटिल ने भेजा है।

इस पूरे मामले में सबसे अहम बात यह बताई जा रही है कि करीब 200 Form-7 में मुस्लिम मतदाताओं के नाम शामिल थे। इनमें से करीब पांच लोग उसी वक्त स्कूल में मौजूद थे और उनके सामने ही उनके नाम हटाने से संबंधित फॉर्म पर साइन करवाकर ले जाने की कोशिश की गई।

Form-7 का इस्तेमाल वोटर लिस्ट से किसी वोटर का नाम डिलीट करने के लिए किया जाता है। ऐसे में एक ही जगह से बड़ी संख्या में और एक ही समुदाय के मतदाताओं से जुड़े Form-7 सामने आने पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। यह जांच का विषय है कि ये 200 फॉर्म्स किसने तैयार किए, इन दोनों शख्स को किसने भेजा और क्या किसी सरकारी अधिकारी के नाम का गलत इस्तेमाल करके BLOs से साइन करवाने की कोशिश की गई।

मामले की निष्पक्ष जांच के बाद ही पूरे मामले की हकीकत सामने आ सकेगी।