दिल्ली/बेंगलुरु: मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने साफ किया है कि दिल्ली में SIR के खिलाफ हुए प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी ने उन्हें धक्का नहीं दिया था। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन में भीड़ ज्यादा होने के कारण राहुल गांधी ने उन्हें पीछे आ रही गाड़ी में बैठने की सलाह दी थी। राहुल गांधी ने ऐसा करके उनकी फिक्र दिखाई थी।

दिल्ली स्थित कर्नाटक भवन के पास मीडिया से बात करते हुए डी.के. शिवकुमार ने बीजेपी नेताओं के उस आरोप पर जवाब दिया, जिसमें कहा जा रहा था कि दिल्ली चलो प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी ने उन्हें धक्का दिया था।

इस आरोप को खारिज करते हुए शिवकुमार ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान किसी ने भी उन्हें धक्का नहीं दिया। वहां लोगों की भीड़ काफी ज्यादा थी। उन्होंने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा, “बीजेपी वालों को मुझसे बहुत ज्यादा प्यार है। इसलिए वे इस तरह का दुष्प्रचार कर रहे हैं।”

एच.डी. कुमारस्वामी ने अच्छी बात की ओर ध्यान दिलाया: डी.के. शिवकुमार

केंद्रीय मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि कुमारस्वामी ने एक अच्छी बात की ओर राज्य का ध्यान आकर्षित किया है।

अपने कैबिनेट सहयोगियों के स्टिंग ऑपरेशन के पीछे खुद शिवकुमार का हाथ होने के कुमारस्वामी के आरोप पर उन्होंने कहा, “बहुत खुशी की बात है। कुमारस्वामी के आरोपों का जवाब वक्त देगा।”

उन्होंने आगे कहा कि कुमारस्वामी के पास जो भी दस्तावेज और सबूत हैं, उन्हें मंगवाकर देखा जाएगा। उन्होंने कहा कि कुमारस्वामी ने जांच किसी एजेंसी या व्यक्ति को सौंपने की बात कही है, इसलिए उन्हें अपने पास मौजूद दस्तावेज संबंधित जांच एजेंसी को सौंपने चाहिए।