बेलगावी जिले के निप्पाणी तालुका के मानकापुर गांव के पास एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। बेटी की दूसरी जाति के युवक से शादी करवाने की रंजिश में एक ज्योतिषी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान महाराष्ट्र के इचलकरंजी निवासी ज्योतिषी मंदार अजित रांडे (35) के तौर पर हुई है।

इस मामले में बाबासो दीपक मकदूम को आरोपी बनाया गया है। सदलगा पुलिस ने जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बेलगावी जिला पुलिस अधीक्षक के. रामराजन ने इस मामले की विस्तृत जानकारी दी है।

पुलिस के मुताबिक, 13 जनवरी को आरोपी बाबासो दीपक मकदूम की बेटी घर से भागकर दूसरी जाति के युवक के साथ शादी कर ली थी। आरोपी को शक था कि इस शादी में ज्योतिषी मंदार रांडे ने मदद की थी। इसी बात को लेकर वह ज्योतिषी से गहरी रंजिश रखता था और उनकी हत्या की साजिश रच रहा था।

आरोप है कि 30 अक्टूबर को आरोपी ने दूसरे मोबाइल नंबर से ज्योतिषी मंदार रांडे को फोन किया और शादी का मुहूर्त निकालने के बहाने निप्पाणी तालुका के मानकापुर गांव बुलाया।

जैसे ही ज्योतिषी मौके पर पहुंचे, आरोपी ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया और फिर धारदार हथियारों से उन पर हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

इस सनसनीखेज वारदात को लेकर सदलगा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने जांच और कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।