बेलगावी: दिवाली के जश्न के बीच कुंदानगरी बेलगावी में आज सुबह-सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब शहर की महानगर पालिका (मनपा) कार्यालय को एक गुमनाम ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। इस धमकी के बाद मनपा परिसर में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया और पुलिस ने तुरंत तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, सुबह कार्यालयीन समय के दौरान मनपा के प्रशासनिक विभाग को एक अनजान ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें मनपा कार्यालय के अंदर बम रखे होने का दावा किया गया था। इसकी जानकारी मिलते ही मनपा के सत्ताधारी दल के नेता संतोष पडणेकर और अधिकारियों ने तुरंत सतर्कता बरतते हुए पुलिस को इसकी सूचना दी।
एहतियाती तौर पर कार्यालय में मौजूद सभी कर्मचारियों और नागरिकों को तुरंत बाहर निकाला गया और पूरे परिसर को खाली करा दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मार्केट पुलिस स्टेशन के CPI कालिमिर्ची के नेतृत्व में पुलिस टीम, बम निरोधक दस्ता (Bomb Squad) और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंच गए।
पुलिस की ओर से मनपा आयुक्त के चेंबर, रेवेन्यू सेक्शन, जोन चेंबर, हेल्थ सेक्शन के साथ ही निचली मंजिल पर स्थित महापौर और उपमहापौर के चेंबर तथा काउंसिल हॉल समेत पूरे कार्यालय की बारीकी से तलाशी ली जा रही है।
फिलहाल मनपा परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और पुलिस का तलाशी अभियान जारी है।

