कर्नाटक के बेलगावी में मां के कथित अवैध संबंधों का विरोध करने पर 24 वर्षीय बेटे की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि बेटे को कोल्ड ड्रिंक में नींद की गोलियां मिलाकर पिलाई गईं और फिर दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने मृतक की मां समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। यह जानकारी शहर के पुलिस कमिश्नर प्रकाश निकम ने दी।

सोमवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए पुलिस कमिश्नर ने बताया कि 3 नवंबर को शहर में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे KLE छत्री के पास एक नाले में अज्ञात व्यक्ति की लाश बरामद हुई थी। इस सिलसिले में माळमारुति पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान मृतक की पहचान विजय नारायण के रूप में हुई।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी राकेश जामूनी और मृतक की मां मीना नारायण के बीच कथित अवैध संबंध थे। विजय इस रिश्ते का विरोध करता था और अपनी मां से इस बारे में सवाल करता था। इसी बात से नाराज होकर मीना ने कथित तौर पर राकेश को विजय की हत्या करने के लिए कहा था।

आरोप है कि योजना के मुताबिक राकेश विजय को कार में बैठाकर अपने साथ ले गया। वहां अन्य आरोपियों की मदद से कोल्ड ड्रिंक में नींद की गोलियां मिलाकर विजय को पिलाई गईं। जब वह बेहोश हो गया, तो उसके गले में दुपट्टा कसकर दम घोंट दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

इसके बाद आरोपी सचिन कांबळे, मनोज कांबळे, तम्मन्ना कांबळे और एकनाथ कांबळे की मदद से शव को राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे नाले में फेंक दिया गया और सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि इस मामले में मृतक की मां मीना समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कानून के साथ संघर्ष की स्थिति में आए एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है।