मुल्क की आज़ादी, हिंदू-मुस्लिम एकता और आधुनिक शिक्षा व्यवस्था की बुनियाद रखने वाले महान रहनुमा को याद कर रहा है देश

नई दिल्ली: हिंदुस्तान की आज़ादी की जंग, राष्ट्रीय एकता और तालीम के मैदान में नुमायां किरदार अदा करने वाले मौलाना अबुल कलाम आज़ाद का नाम भारतीय इतिहास में हमेशा सुनहरे अल्फाज़ में लिखा जाएगा। 11 नवंबर को उनकी यौमे पैदाइश के मौके पर पूरे देश में राष्ट्रीय शिक्षा दिवस मनाया जाता है। आज़ाद हिंदुस्तान के पहले शिक्षा मंत्री होने के साथ-साथ एक महान स्वतंत्रता सेनानी, विद्वान, पत्रकार और दूरदर्शी रहनुमा भी थे।

मौलाना आज़ाद का जन्म 11 नवंबर 1888 को मक्का मुकर्रमा में हुआ था। उनके वालिद मौलाना खैरुद्दीन एक मशहूर आलिम थे। उनका असली नाम मुहियुद्दीन अहमद था, जबकि बाद में वे मौलाना अबुल कलाम आज़ाद के नाम से मशहूर हुए। ‘अबुल कलाम’ का मतलब है अपनी बात को प्रभावशाली अंदाज में पेश करने वाला शख्स।

अपनी शानदार तकरीर, इल्मी काबिलियत, वतन से मोहब्बत और सेक्युलर सोच की वजह से उन्होंने भारतीय राजनीति और समाज में एक अलग पहचान बनाई।

तकसीम-ए-हिंद के सख्त मुखालिफ थे मौलाना आज़ाद

मौलाना आज़ाद का सबसे अहम उसूल हिंदुस्तान की एकता और गंगा-जमुनी तहज़ीब की हिफाजत था। उन्होंने मजहब की बुनियाद पर मुल्क की तकसीम के सिद्धांत का शुरू से विरोध किया। उनका मानना था कि मजहब किसी मुल्क की राष्ट्रीयता का आधार नहीं हो सकता। हिंदू और मुसलमान सदियों से इस सरजमीं पर एक साथ रहते आए हैं और दोनों की साझी तहज़ीब ही हिंदुस्तान की असली ताकत है।

1947 में जब मुल्क की तकसीम के दौरान दिल्ली समेत कई इलाकों में सांप्रदायिक हिंसा भड़क उठी थी, तब बड़ी तादाद में मुसलमान खौफ और अनिश्चितता के माहौल में पाकिस्तान जाने का फैसला कर रहे थे।

इसी दौरान दिल्ली की ऐतिहासिक जामा मस्जिद की सीढ़ियों पर मौलाना आज़ाद ने वहां मौजूद मुसलमानों को एक ऐतिहासिक पैगाम दिया। उन्होंने लोगों को याद दिलाया कि हिंदुस्तान उनकी अपनी सरजमीं है और उन्हें डर के माहौल में अपना वतन छोड़ने की जरूरत नहीं है।

उनका पैगाम था कि हिंदुस्तान सिर्फ एक जमीन का टुकड़ा नहीं, बल्कि उनकी तारीख, तहज़ीब और पहचान का हिस्सा है। मौलाना आज़ाद की इस तकरीर ने कई लोगों को हिंदुस्तान में ही रहने का हौसला दिया।

आज़ादी की जंग में अहम किरदार

मौलाना आज़ाद महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू समेत कई बड़े स्वतंत्रता सेनानियों के साथ मिलकर अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ आज़ादी की लड़ाई में शामिल रहे।

साल 1923 में महज 35 साल की उम्र में वे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सबसे कम उम्र के अध्यक्ष बने। इसके बाद 1940 से 1946 तक उन्होंने कांग्रेस की अध्यक्षता की।

भारत छोड़ो आंदोलन के अहम दौर में भी उन्होंने कांग्रेस की रहनुमाई की और अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करने की वजह से जेल की सजा भी भुगती।

हिंदुस्तान की आधुनिक तालीम की रखी मजबूत बुनियाद

1947 में मुल्क आज़ाद होने के बाद मौलाना अबुल कलाम आज़ाद को देश का पहला शिक्षा मंत्री बनाया गया। उस वक्त भारत की साक्षरता दर 12 प्रतिशत से भी कम थी। गरीबी, बेरोजगारी और सामाजिक परेशानियों के बीच देश में आधुनिक शिक्षा व्यवस्था तैयार करना एक बड़ा चैलेंज था।

मौलाना आज़ाद ने शिक्षा को मुल्क की तरक्की का सबसे अहम जरिया माना। उन्होंने 1947 से 1958 तक लगातार 11 साल शिक्षा मंत्री के तौर पर अपनी सेवाएं दीं और देश में उच्च शिक्षा तथा तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कई अहम कदम उठाए।

उनकी दूरदर्शी सोच के नतीजे में 1951 में पश्चिम बंगाल के खड़गपुर में देश के पहले भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान यानी IIT खड़गपुर की स्थापना हुई।

इसके अलावा उच्च शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने और विश्वविद्यालयों को मजबूत करने के लिए 1953 में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग यानी UGC की स्थापना की दिशा में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

मौलाना आज़ाद का मानना था कि तालीम सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसमें कला, साहित्य और संस्कृति को भी बराबर की जगह मिलनी चाहिए। इसी सोच के तहत संगीत नाटक अकादमी, ललित कला अकादमी और साहित्य अकादमी जैसी संस्थाओं की स्थापना में उनका अहम योगदान रहा।

उन्होंने संसद में 14 साल तक के बच्चों के लिए मुफ्त और लाजिमी तालीम की वकालत की। साथ ही लड़कियों की शिक्षा को खास अहमियत देने की बात कही। उनका मानना था कि मुल्क की तरक्की तभी मुमकिन है, जब हर बच्चे को बिना किसी भेदभाव के शिक्षा हासिल करने का मौका मिले।

सहाफत और अदब के मैदान में भी छोड़ी अपनी छाप

मौलाना आज़ाद सिर्फ सियासत और शिक्षा तक सीमित नहीं रहे, बल्कि सहाफत और साहित्य के क्षेत्र में भी उन्होंने अहम योगदान दिया।

हिंदू-मुस्लिम एकता और अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ जागरूकता पैदा करने के मकसद से उन्होंने ‘अल-हिलाल’ और ‘अल-बलाग’ नाम से साप्ताहिक अखबार शुरू किए।

उनकी मशहूर किताब ‘इंडिया विंस फ्रीडम’ भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन की एक अहम ऐतिहासिक दस्तावेज मानी जाती है। इस किताब में आज़ादी की जंग और उस दौर की सियासी घटनाओं का अहम जिक्र मिलता है।

भारत रत्न से किया गया सम्मानित

मौलाना अबुल कलाम आज़ाद को देश के लिए उनकी बेमिसाल सेवाओं के मद्देनजर मरणोपरांत 1992 में भारत रत्न से सम्मानित किया गया।

आज जब हिंदुस्तान शिक्षा, तकनीक और आधुनिक विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है, ऐसे में मौलाना आज़ाद की दूरअंदेशी और उनके बनाए शैक्षणिक संस्थानों की अहमियत और भी बढ़ जाती है।

मौलाना आज़ाद की जिंदगी हमें यह पैगाम देती है कि मुल्क की असली ताकत उसकी एकता, भाईचारे, इल्म और इंसानियत में छिपी होती है। उनका सपना था कि हिंदुस्तान का हर बच्चा तालीम हासिल करे और हर मजहब के लोग अमन, मोहब्बत और भाईचारे के साथ रहें।

राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के मौके पर इस महान स्वतंत्रता सेनानी, शिक्षाविद और राष्ट्रीय एकता के पैरोकार को याद करना उनके ख्वाबों और उसूलों को जिंदा रखने की एक अहम कोशिश है।

Source : Vartha Bharathi