कर्नाटक के कुंदानगरी बेलगावी में 2 दिसंबर से शुरू होने वाले राज्य विधानसभा के शीतकालीन अधिवेशन को लेकर सुवर्ण विधानसौध में तैयारियां तेज हो गई हैं। शहर के पुलिस कमिश्नर प्रकाश निकम ने सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक जायजा लिया है। अधिवेशन के मद्देनजर शहर में 4,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ कड़े सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं।

2 से 11 दिसंबर तक चलने वाले इस शीतकालीन अधिवेशन के लिए सुवर्ण विधानसौध में साफ-सफाई और मरम्मत का काम तेजी से जारी है। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए दूसरे जिलों से करीब 4,000 एससीपीसी पुलिसकर्मी, 500 से अधिक इंस्पेक्टर और पीएसआई के अलावा वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को दो सप्ताह के लिए ड्यूटी पर तैनात किया जा रहा है।

पुलिसकर्मियों के ठहरने के लिए अस्थायी टाउनशिप तैयार की जा रही है। इसके अलावा शहर के विभिन्न कल्याण मंडपों में उनके रहने और खाने-पीने के लिए जरूरी सुविधाओं का इंतजाम किया गया है।

सुरक्षा के मद्देनजर 20 नवंबर से 20 दिसंबर तक सुवर्ण विधानसौध के आसपास 3 किलोमीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की जा रही है।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत सुवर्णसौध और शहर के विभिन्न इलाकों में 600 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके साथ ही बैरिकेडिंग और मोबाइल कमांड सेंटर भी तैयार किए गए हैं।

प्रदर्शनों के लिए दो स्थान निर्धारित

अधिवेशन के दौरान होने वाले विरोध प्रदर्शनों और धरनों को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने दो अलग-अलग स्थान निर्धारित किए हैं। 500 लोगों तक के छोटे धरने और प्रदर्शनों के लिए मच्छे बायपास पर जगह तय की गई है, जबकि 3,000 से अधिक लोगों की भागीदारी वाले बड़े प्रदर्शनों के लिए धारवाड़ नाका में व्यवस्था की गई है।

प्रदर्शनकारियों की मांगों और समस्याओं के समाधान के लिए एसीपी, डीसीपी और जिलाधिकारी कार्यालय के अधिकारियों की एक विशेष समिति भी गठित की गई है। इस समिति के माध्यम से स्थानीय स्तर पर ही समस्याओं का समाधान करने की कोशिश की जाएगी।