बेलगावी: शहर में सलून और स्पा की आड़ में कथित तौर पर चलाए जा रहे जिस्मफरोशी के धंधे का CCB पुलिस ने पर्दाफाश किया है। आरपीडी क्रॉस के पास स्थित ‘डिवाइन सलून एंड स्पा’ पर छापेमारी कर पुलिस ने दूसरे राज्यों से लाई गई चार युवतियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया है। वहीं, स्पा के मालिक और मैनेजर को हिरासत में लिया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, बेलगावी शहर के आरपीडी क्रॉस स्थित ‘डिवाइन सलून एंड स्पा’ में सलून और स्पा की आड़ में युवतियों को रखकर कथित तौर पर जिस्मफरोशी का धंधा चलाया जा रहा था। पुख्ता जानकारी मिलने के बाद CCB पुलिस इंस्पेक्टर मंजुनाथ नायक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अचानक छापेमारी की और इस मामले का खुलासा किया।
इस कार्रवाई के दौरान गुजरात और मुंबई समेत दूसरे राज्यों से ताल्लुक रखने वाली चार युवतियों को पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाला।
वहीं, इस कथित अनैतिक गतिविधि में शामिल होने के आरोप में स्पा के मालिक और मैनेजर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
मामले की आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए आरोपियों तथा संबंधित दस्तावेजों को तिलकवाड़ी पुलिस स्टेशन के हवाले कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है।

