बेलगावी: कणबर्गी में BUDA की 61वीं योजना के नाम पर किसानों की जमीनों पर बिना किसी पूर्व सूचना के JCB और बुलडोजर उतारे जाने से किसानों में भारी नाराजगी है। सरकार की नीतियों और अधिकारियों की लापरवाही के खिलाफ किसानों ने कड़ा विरोध जताते हुए मांग की है कि उनकी जमीनों को योजना से बाहर रखकर नया प्लान तैयार किया जाए।

बेलगावी के कणबर्गी इलाके में BUDA (बेलगावी अर्बन डेवलपमेंट अथॉरिटी) की 61वीं योजना के तहत अधिकारियों द्वारा किसानों की जमीनों पर बिना अनुमति और पूर्व सूचना के जबरन JCB और बुलडोजर चलाए जाने का आरोप लगाया गया है।

किसान संघ के अध्यक्ष बबन मालाई ने इस कार्रवाई की कड़ी निंदा की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सर्वे नंबर 512, 513, 514 और 511 समेत कई जमीनों पर किसानों की सहमति के बिना सड़कें बनाई गई हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि राज्य में कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद पिछले 15 दिनों से विधायक और संबंधित अधिकारियों से लगातार गुहार लगाई जा रही है, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा है कि ‘करते हैं, देखते हैं।’ किसानों के सामने अब तक कोई ठोस योजना पेश नहीं की गई है।

बबन मालाई ने सरकार और BUDA अधिकारियों से मांग की है कि किसानों की जमीनों को जबरन अधिग्रहित करने के बजाय कणबर्गी के किसानों की जमीनों को 61वीं योजना से बाहर रखा जाए और एक नया प्लान तैयार किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसानों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।