बेलगावी: सीमा विवाद की लड़ाई को नई दिशा देने और मराठी भाषी लोगों की एकजुटता दिखाने के लिए महाराष्ट्र एकीकरण समिति (MES) ने बड़ा फैसला लिया है। प्रशासन की तरफ से इजाजत नहीं मिलने के बावजूद महामेळावा आयोजित करने का MES ने पक्का इरादा जाहिर किया है।

समिति की बैठक में गनिमी कावा यानी रणनीतिक तरीके से आंदोलन करने और कम से कम 50 कार्यकर्ताओं के गिरफ्तारी देने के लिए तैयार रहने को लेकर अहम चर्चा हुई।

मध्यवर्ती महाराष्ट्र एकीकरण समिति की बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष प्रकाश मरगाळे ने सीमा विवाद को लेकर जारी कानूनी लड़ाई और अगले महीने के पहले सप्ताह में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के साथ होने वाली बैठक की जानकारी दी।

उन्होंने सीमा विवाद के मुद्दे पर महाराष्ट्र के नेताओं की कथित उदासीनता पर नाराजगी जताई। साथ ही कहा कि हाल ही में युवाओं की ओर से निकाली गई रैली ने समिति में नई ऊर्जा पैदा की है। उन्होंने शिवाजीराव पाटील का पत्र मुख्यमंत्री के सामने रखने की बात कही और पुणे समिति तथा विजय देवणे के काम की सराहना की।

वहीं, पूर्व महापौर और तालुका MES अध्यक्ष मनोहर किणेकर ने कहा कि महामेळावा के आयोजन के लिए 5 से 6 लोगों की एक कमेटी बनाई जाए। अगर प्रशासन इजाजत देने से इनकार करता है तो गनिमी कावा की रणनीति के तहत आंदोलन किया जाए। उन्होंने कम से कम 50 कार्यकर्ताओं से गिरफ्तारी देने के लिए तैयार रहने की अपील भी की।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि गिरफ्तारी देने वाले कार्यकर्ताओं के साथ समिति पूरी मजबूती से खड़ी रहेगी। साथ ही बताया कि 1 तारीख की शाम को आंदोलन को लेकर अगला फैसला घोषित किया जाएगा।

बैठक में आबासाहेब दलवी ने सुझाव दिया कि अगर प्रशासन महामेळावा की इजाजत नहीं देता है तो अदालत का दरवाजा खटखटाया जाए।

वहीं, एम.जी. पाटील ने बताया कि महामेळावा के आयोजन के लिए सरदार मैदान, धर्मवीर छत्रपति संभाजी महाराज चौक और संभाजी उद्यान में अनुमति मांगी गई है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आंदोलन में सक्रिय रूप से हिस्सा लेने की अपील की।

इसके अलावा राजाराम देसाई, अनिल पाटील और डी.बी. पाटील ने भी हर हाल में महामेळावा आयोजित करने की मांग उठाई। नेताओं ने आपसी मतभेद और श्रेय लेने की होड़ को किनारे रखकर एकजुट होकर लड़ाई लड़ने की अपील की।

इस अहम बैठक में शहर MES अध्यक्ष रंजीत चव्हाण-पाटील, पूर्व महापौर एवं महासचिव मालोजीराव अष्टेकर, नेता आर.एम. चौगुले समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।