सुनील गावस्कर, रवि शास्त्री, वसीम जाफर और हर्षा भोगले ने अनुभवी तेज़ गेंदबाज मोहम्मद सिराज को न्यूजीलैंड के ख़िलाफ़ पहले टेस्ट मैच से बाहर रखने के भारतीय क्रिकेट टीम के फैसले पर सवाल उठाए हैं. भारत के पूर्व कप्तान गावस्कर ने सिराज की जगह टेस्ट क्रिकेट में अपेक्षाकृत कम अनुभव रखने वाले गेंदबाजों को तवज्जो देने की भी बात कही है.
नई दिल्ली: भारत और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में खेली जा रही टेस्ट मैच सीरीज़ के पहले मैच की प्लेइंग इलेवन से भारतीय टीम के खिलाड़ी मोहम्मद सिराज को बाहर रखने के भारत के फैसले की कई पूर्व क्रिकेटरों और क्रिकेट कमेंटेटरों ने आलोचना की है. इनमें सुनील गावस्कर, रवि शास्त्री, वसीम जाफर और हर्षा भोगले शामिल हैं.
इस फैसले पर सवाल उस समय और बढ़ गए जब गुरुवार (19 नवंबर) को मैच के पहले दिन न्यूजीलैंड ने 70 रन पर पांच विकेट गंवाने के बाद वापसी करते हुए दिन का खेल समाप्त होने तक पांच विकेट पर 243 रन बना दिए. हेनरी निकोल्स (नाबाद 113 रन) और ग्लेन फिलिप्स (नाबाद 94 रन) के बदौलत न्यूजीलैंड ने भारत की शुरुआती बढ़त को खत्म करते हुए की पारी को संभाल लिया. दूसरे दिन का खेल शुरू होने के बाद न्यूजीलैंड की पूरी पारी 368 रनों पर सिमटी.
भारत ने सिराज की जगह जसप्रीत बुमराह, आकाश दीप, अंशुल कंबोज और प्रसिद्ध कृष्णा को टीम में शामिल किया. वहीं, ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को भी प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा गया और उनकी जगह वॉशिंगटन सुंदर को स्पिन गेंदबाजी के विकल्प के तौर पर चुना गया.
इस फैसले ने कई क्रिकेट विशेषज्ञों को हैरान कर दिया. विशेषकर इसलिए क्योंकि सिराज को विदेशी परिस्थितियों में खेलने का अच्छा अनुभव है और हाल के टेस्ट मैचों में उन्होंने भारतीय टीम के लिए अहम योगदान दिया है.
विजडन के मुताबिक, मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में सिराज भारत के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. उन्होंने 26.81 की औसत से 43 विकेट लिए हैं.
पूर्व क्रिकेटरों ने टीम चयन पर उठाए सवाल
भारत के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री ने सिराज को बाहर रखने के फैसले पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि अगर गेंदबाजी आक्रमण चुनने का आधार रफ्तार, कौशल और गेंद को स्विंग कराने की क्षमता थी, तो सिराज को टीम से बाहर रखने की वजह समझ पाना मुश्किल है.
एक्स पर एक पोस्ट में शास्त्री ने लिखा, ‘उम्मीद है कि भारत मजबूती से वापसी करेगा. लेकिन अगर गेंदबाजी आक्रमण चुनने का आधार रफ्तार, कौशल और गेंद को सीम कराने की क्षमता थी और 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करने वाले गेंदबाजों को ढूंढना मुश्किल था, तब यह सवाल उठाना जरूरी है कि मोहम्मद सिराज कहां थे? उनका अनुभव, आक्रामकता और गेंद से कुछ भी कर दिखाने की क्षमता मायने रखती है. क्या इन सबकी कोई अहमियत नहीं है?’
क्रिकेट कमेंटेटर हर्षा भोगले ने भी इस फैसले पर निराशा जताई. गुरुवार को एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि सिराज को टीम से बाहर रखने के फैसले से वह ‘हैरान और निराश’ हैं.
भोगले ने लिखा, ‘जो कुछ भी उनसे कहा गया, उन्होंने टीम के लिए वह सब किया है. बुमराह की गैर-मौजूदगी में उन्होंने गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी संभाली और वह टीम के एक शानदार और सकारात्मक खिलाड़ी रहे हैं.’
उन्होंने आगे कहा कि उन्हें उम्मीद है कि टीम प्रबंधन सिराज के साथ ‘बहुत ईमानदारी से बातचीत’ करेगा.
भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वसीम जाफर ने भी इस फैसले की आलोचना की. उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में सिराज के योगदान और मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में उनकी भूमिका का जिक्र किया.
जाफर ने एक्स पर लिखा, ‘मैं न्यूजीलैंड की टीम में बाएं हाथ के बल्लेबाजों को देखते हुए जडेजा की जगह वॉशिंगटन सुंदर को चुनने की बात समझ सकता हूं. लेकिन सिराज को बाहर रखना बिल्कुल चौंकाने वाला फैसला है.’
उन्होंने कहा कि सिराज ने इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज को बराबरी पर लाने में निर्णायक भूमिका निभाई थी. इसके बावजूद उन्हें ऐसी परिस्थितियों में टीम से बाहर रखा गया, जो उनकी गेंदबाजी के अनुकूल हो सकती थीं.
जाफर ने लिखा, ‘भारत को पहले ही दिन उनकी कमी खल रही है. ऐसी परिस्थितियां सिराज के लिए बिल्कुल मुफीद हैं. वह लगातार गेंदबाजी करके बल्लेबाजों के बीच साझेदारियां तोड़ते हैं, उन्हें थकाते हैं और अपनी लगातार मेहनत से मैच में कुछ न कुछ बदलाव लाते हैं.’
भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने भी सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर प्रसारण के दौरान सिराज को बाहर रखने के फैसले पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि सिराज ने कभी टीम को निराश किया है. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सिराज की गेंदबाजी या लय में कोई खराबी नहीं थी.
गावस्कर ने सिराज की जगह टेस्ट क्रिकेट में अपेक्षाकृत कम अनुभव रखने वाले गेंदबाजों को तवज्जो देने पर भी सवाल उठाए. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने कहा कि सिराज को भारत के शीर्ष चार गेंदबाजों में शामिल नहीं करना ‘थोड़ा मुश्किल से हज़म होने वाला’ फैसला है.
भारत के पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने भी टीम के चयन पर प्रतिक्रिया दी. एक्स पर उन्होंने लिखा, ‘कठोर, बहुत कठोर. लेकिन अब यही न्यू नॉर्मल हो गया है.’
बाद में उन्होंने स्पष्ट किया कि यह टिप्पणी व्यंग्य के तौर पर की गई थी. उनका आशय चयन के ऐसे फैसलों को अब सामान्य मानकर स्वीकार करने से था.
भारत के पूर्व बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने भी प्लेइंग इलेवन में सिराज और जडेजा, दोनों की गैर-मौजूदगी पर हैरानी जताई.
गिल और टीम प्रबंधन ने चयन के फैसले का बचाव किया
भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस के दौरान स्वीकार किया कि सिराज और गुरनूर बरार को बाहर रखना मुश्किल फैसला था. उन्होंने कहा कि टीम प्रबंधन पिछले एक हफ्ते से अलग-अलग संयोजनों पर विचार कर रहा था, क्योंकि टीम के सभी तेज गेंदबाज अच्छा प्रदर्शन कर रहे थे.
गिल ने कहा, ‘हम पिछले एक हफ्ते से इस बात पर विचार कर रहे थे कि किस संयोजन के साथ मैदान पर उतरना चाहिए, क्योंकि हमारे सभी तेज गेंदबाज बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं. सिराज और गुरनूर, दोनों को बाहर रखना बहुत मुश्किल फैसला था.’
इसके बाद भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने भी चयन का बचाव किया. उन्होंने कहा कि प्लेइंग इलेवन का चयन केवल पहले दिन की परिस्थितियों को ध्यान में रखकर नहीं, बल्कि पूरे पांच दिन के मैच की जरूरतों को देखते हुए किया गया था.
न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद उन्होंने कहा, ‘सिराज के साथ कोई समस्या नहीं है. जैसा कि मैंने कहा, टीम प्रबंधन को यही सबसे अच्छी संभावित प्लेइंग इलेवन लगी और इसी टीम के साथ मैदान पर उतरे.’
कोटक ने आगे कहा, ‘यह सिर्फ पहला दिन है. जब आप प्लेइंग इलेवन चुनते हैं, तो आपके दिमाग में मैच के सभी चार या पांच दिन होते हैं, सिर्फ एक दिन नहीं. इसलिए हमें लगा कि यही सबसे अच्छा संभावित गेंदबाजी आक्रमण है और इसी के साथ हम मैदान पर उतरे.’
उन्होंने यह भी बताया कि न्यूजीलैंड के शीर्ष क्रम में चार बाएं हाथ के बल्लेबाज होने की वजह से जडेजा की जगह सुंदर को चुनने का फैसला किया गया.
पहली पारी में भारतीय गेंदबाजों में बुमराह को 4, आकाशदीप को 3, अंशुल कंबोज को 2, प्रसिद्ध कृष्ण को 1 विकेट मिले. वाशिंगटन सुंदर को कोई भी विकेट हासिल नहीं हुआ. वहीं, दूसरे दिन का खेल ख़त्म होने भारतीय टीम ने एक विकेट के नुकसान पर 159 रन बनाए हैं.
Source: The Wire

